लाइन को दोबारा से बनाना पड़ेगा जिसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा : सहायक अभियंता
संवाद न्यूज एजेंसी
सतौन (सिरमौर)। रेणुका सब डिवीजन के तहत छछेती पंचायत के अंतर्गत सरा गांव में पिछले पांच दिनों से पेयजल समस्या बनी हुई है। गांव के 20 परिवारों की लगभग 200 की आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है। ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी रोष है। ग्रामीणों के अनुसार पेयजल स्कीम बहुत पुरानी है जिस कारण पाइप लाइन जगह-जगह टूटी हुई है। कई बार विभाग को नए पाइप लगाने को कह चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है।
ग्रामीण सुरेश कपूर, इंदर सिंह शर्मा, राजपाल, रोशन लाल, जय पाल आदि ने बताया कि गांव में पिछले पांच दिनों से पेयजल समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों को एक किमी दूर बावड़ी से पानी लाना पड़ रहा है। पानी लाते समय खड़ी चढ़ाई पड़ती है। एक बार ही पानी ला सकते हैं। बार-बार पानी लाना मुश्किल हो गया है। मवेशियों को पानी पिलाने की भी समस्या आ रही है। गांव के लिए चार किमी दूर से एक जंगल दिबदुवा से ग्रैविटी की लाइन है। यह लाइन लगभग 50 साल पुरानी है। पाइपें जर्जर हालत में हैं। जगह-जगह लाइन टूटी हुई है जिस कारण से कुछ दिन पानी आ जाता है तो फिर लाइन खराब हो जाती है। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग को कई बार इस बारे में अवगत करवा चुके हैं लेकिन कोई उचित कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
पंचायत प्रधान सुनीता शर्मा ने कहा कि जलशक्ति विभाग के अधिकारी को फोन और लिखित सूचना दे चुके हैं। पाइप लाइन बदलवाने का आग्रह किया गया है। जलशक्ति विभाग सब डिवीजन ददाहू के सहायक अभियंता मनीत भारद्वाज ने कहा कि लाइन बहुत पुरानी है। मरम्मत के लिए नए पाइप नहीं मिलते। लाइन को दोबारा से बनाना पड़ेगा जिसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।-