राजगढ़ (सिरमौर)। विकास खंड राजगढ़ की भुईरा पंचायत में पेयजल संकट गहरा गया है। आईपीएच ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर इलाके में टैंकर लगाने की भी मांग की है।
पंचायत के पूर्व प्रधान इंद्रपाल ठाकुर, बलदेव सिंह, कुंदाराम, जगतराम व दीपराम ने बताया कि उनकी पंचायत के चेवण, धार व दपोट गांव के लिए बनी पेयजल योजना के स्रोत का पानी सूख जाने के कारण इन गांवों में पीने के पानी की समस्या पैदा हो गई है। लोगों को दो किलोमीटर दूर से पानी लाने पर विवश होना पड़ रहा है। सबसे अधिक समस्या पशुओं को पानी पिलाने की हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई सालों से गर्मियों में स्रोत सूखने से यही समस्या आ रही है। हर बार स्थानीय प्रशासन टैंकरों से सप्लाई करता आ रहा है। इस बार भी लोगों ने करीब पंद्रह दिन पूर्व लिखकर दे दिया था, लेकिन अभी तक भी टैंकरों से सप्लाई नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
उधर, यहां तैनात सहायक अभियंता एचसी चेती ने बताया कि लोगों की समस्या को दूर करने के लिए विभाग ने स्थानीय प्रशासन को दस हजार लीटर प्रतिदिन पानी देने की मांग की है। टैंकर लगाने के लिए पत्राचार किया गया है। जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
-