पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा नगर परिषद से सटी बद्रीपुर पंचायत ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है जिसमें सुबह शाम सैर करने व बच्चों को खेलने के लिए बेहतर पार्क बनाने की योजना है जिससे पंचायत क्षेत्र के बुजुर्गों और आम लोग दो पल सुकून के बिताने के साथ टहल सकेंगे। वहीं बच्चों के लिए भी खेलने को नया ठोर मिल जाएगा।
भीड़भाड़ वाले एनएच मार्ग व संपर्क मार्गों पर हादसों का खतरा रहता है। पार्क बनने के बाद सैर सपाटे को बेहतर स्थल मिलेगा व हादसों का खतरा नहीं रहेगा। पूरी योजना को तैयार कर जिलाधीश सिरमौर से साडा या किसी योजना के तहत बजट प्रावधान की मांग रखी जाएगी।
बद्रीपुर पंचायत प्रधान रामलाल शर्मा, उप प्रधान सुंदर सिंह, वार्ड सदस्यों भूपेंद्र कौर, शिखा गुप्ता, प्रीति शर्मा, गुरनाम सिंह, संगीता देवी, जरनैल सिंह, बलजीत सिंह, नीलम व बिमला समेत पंचायत प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है। पंचायत प्रधान ने कहा कि शहरी क्षेत्र पांवटा के वार्ड साथ लगते हैं। लिहाजा शहर के लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा। 3 पार्क तैयार करने का प्राक्कलन पंचायत तैयार करवाएगी। पंचायत प्रतिनिधियों ने इंटरलोक टाइलों को शहरी वार्डों की गलियों के तर्ज पर बनाने का भी फैसला लिया है।
............
-बद्रीपुर पंचायत के इन वार्डों में बनेंगे बेहतर पार्क
पंचायत में कुल 9 वार्ड है। इनमें वार्ड-2 गुज्जर कॉलोनी के समीप करीब 15 बिस्वा, वार्ड-9 के कृष्णा विहार कॉलोनी में 1 बीघा तथा वार्ड-7 में तारुवाला पटवारखाने के पास 2 बीघा जमीन है। इनमें पार्कों का निर्माण प्रस्तावित किया गया है।
.........
- पार्क का होगा बेहतर सौंदर्यीकरण
पंचायत प्रधान रामलाल शर्मा ने कहा कि पार्क में पौधारोपण, टहलने-घूमने को टाइलनुमा पगडंडी, बैठने को बैंच, फूल व पौधारोपण कर हरियाली युक्त पार्क बनाना प्रस्तावित है। इसके बजट को पंचायत प्रतिनिधि डीसी सिरमौर से आग्रह कर किसी मद से राशि उपलब्ध करवाने की मांग उठाएंगे।