शहर के शौचालयों की हालत सुधारने के लिए नगर परिषद ने चलाया अभियान
सार्वजनिक स्थानों पर बने शौचालयों और यूरिनल्स में अक्सर परेशानी झेलते थे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में सार्वजनिक शौचालयों की हालत सुधारने को लेकर नगर परिषद ने अभियान चलाया है। लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शौचालयों और यूरिनल्स में वस्तुओं सहित सफाई को लेकर काम किया जा रहा है।
बता दें कि पिछले लंबे समय से शहर में शौचालयों खासकर यूरिनल्स की हालत काफी खराब हुई थी जिसके चलते यहां बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों सहित आसपास के लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। कई स्थानों पर पानी की कमी का सामना आम है तो कई स्थानों पर गंदगी का आलम। बदबू के चलते लोग शौचालयों व यूरिनल्स का प्रयोग सही प्रकार से नहीं कर पा रहे थे लेकिन नगर परिषद की ओर से शुरू किए गए अभियान से अब सूरत बदल रही है।
नगर परिषद से प्राप्त जानकारी के अनुसार शौचालयों में सफाई को लेकर विशेष रूप से काम किया जा रहा है तो वहीं पानी, मग व अन्य सामान को लेकर भी काम किया जा रहा है। हालांकि यह नियमित प्रक्रिया है और इसे आगे भी जारी रखा जाना चाहिए। यदि समय समय पर व्यवस्था सही हो तो लोगों को समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी अजय गर्ग ने बताया कि लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शहर में शौचालयों और यूरिनल्स की सफाई के साथ साथ अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए काम किया गया है। सार्वजनिक शौचालयों में जरूरत के सामान के सामान सहित अन्य मरम्मत का काम किया गया है।