नाहन शहर को सीवरेज से जोड़ने के लिए टेंडर डाक्यूमेंटेशन का कार्य अंतिम चरण में
शहर की 40 हजार से अधिक की आबादी को मिलेगी सुविधा, अभी नहीं है शहर में ट्रीटमेंट प्लांट
धर्म सिंह तोमर
नाहन (सिरमौर)। वर्ष 1621 में बसे ऐतिहासिक शहर नाहन को जल्द आधुनिक सीवरेज याेजना मिलने की उम्मीद है। इसको लेकर जलशक्ति विभाग लगातार काम कर रहा है। योजना के लिए 144 करोड़ रुपये बजट स्वीकृत हो जाने के बाद योजना को धरातल पर उतारने को लेकर तेजी से काम किया जा रहा है। अब योजना की टेंडर डाक्यूमेंटेशन का कार्य अंतिम चरण में है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया आयोजित होगी।
इससे पहले विभाग की तरफ से शहर के तीन स्थानों में ट्रीटमेंट प्लांट लगाने को लेकर भूमि का अधिग्रहण भी कर लिया है। इसमें तीन स्थानों आईटीआई नाहन, जारजा व जुड्डा का जोहड़ के समीप कुल 2.1379 हेक्टेयर भूमि का हुआ अधिग्रहण किया गया है। इस भूमि पर आधुनिक तकनीक से ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे। भूमि का अधिग्रहण हो जाने के बाद अब पहली बार शहर को ट्रीटमेंट प्लांट मिलेंगे। इन ट्रीटमेंट प्लांट्स में सीवरेज को साफ और उपचारित किया जाएगा। योजना के बनने से शहर में कई जगह पर खुले में बह रही गंदगी से निजात मिलेगी।
बता दें कि नाहन आज भी रियासत काल की सीवरेज योजना के भरोसे चल रहा है। यहां की हर साल आबादी बढ़ रही है। करीब 5 हजार की आबादी के लिए बनाई योजना आज 40 हजार से अधिक लोगों की जरूरतों को पूरा कर रही है।
बता दें कि नाहन शहर में आज भी रियासत काल की सीवरेज योजना के भरोसे काम चल रहा है। उस समय पांच हजार की आबादी के हिसाब से यहां सीवरेज योजना बनाई गई थी। अब शहर की आबादी 40 हजार से अधिक हो गई है। ऐसे में यहां स्थापित सीवरेज सिस्टम नाकाफी साबित हो रहा है। वहीं ट्रीटमेंट प्लांट न लगाए जाने से शहर से निकालने वाली गंदगी तीन बड़े नालों के माध्यम से खुले में जा रही है। बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इससे मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन, नुमाइंदों और जल शक्ति विभाग के संयुक्त प्रयासों से यहां के लिए आधुनिक सीवरेज योजना का खाका तैयार किया गया। तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसके लिए बजट स्वीकृत किया गया है। अब जल्द ही इस योजना का कार्य शुरू होगा। वहीं लोगों की लंबे अरसे से चल रही समस्या का भी स्थायी समाधान होगा।
.....बाक्स.......
वर्ष 2023 में मिली थी योजना को मंजूरी
नाहन शहर के लिए करीब 144 करोड़ की सीवरेज योजना को जुलाई 2023 में मंजूरी मिली थी। इसके बाद काम शुरू होने की उम्मीद जगी। यह योजना शहर को सीवरेज सिस्टम से जोड़ने के साथ-साथ सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित करेगी। जलशक्ति विभाग की तरफ से योजना पर काम किया जा रहा है। इससे पहले कंसल्टेंसी फर्म ने शहर को तीन जोन में बांटकर सर्वे किया।
-नाहन शहर के लिए 144 करोड़ से प्रस्तावित आधुनिक सीवरेज योजना को लेकर औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। विभाग ने तीन स्थानों पर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए भूमि का अधिग्रहण कर लिया है। अब टेंडर डाक्यूमेंटेशन का कार्य अंतिम चरण में है।
-राजीव महाजन, अधीक्षण अभियंता जलशक्ति विभाग
संवाद