गिरफ्तार तीन व्यक्तियों में से चालक सहित दो पाए गए नशे की हालत में
पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों का करवाया मेडिकल, छानबीन शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर में तीन लोगों पर एक पुलिसकर्मी के साथ नशे की हालत में गालीगलौज और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। मारपीट से पहले नशे की हालत में गाड़ी चला रहे एक व्यक्ति ने अपनी गाड़ी से पुलिसकर्मी के भाई की गाड़ी को टक्कर मारी थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि जिला यातायात इकाई नाहन में तैनात आरक्षी गौरव ने बताया कि वह अपनी निजी कार में पेट्रोल डलवाने के लिए बवेजा पट्रोल पंप आया था, तभी उसे उसके भाई सौरव का फोन आया कि एक दिल्ली नंबर की सफेद रंग की वैगनार कार ने उसकी गाड़ी को साईं हॉस्पिटल के पास टक्कर मार दी है।
सूचना मिलने के बाद जैसे ही वह मौके पर पहुंचा तो कार के चालक सचिन और उसके साथी हरदीप व तुषार ने उसके साथ मारपीट और गालीगलौज की। मारपीट में आरक्षी गौरव को दाहिनी टांग, हाथों और मुंह पर बाईं साइड और सिर पर गुम चोटें आई हैं।
एसपी ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद तीनों का मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल नाहन में मेडिकल करवाया गया है। इसमें कार चालक सचिन सहित हरदीप नशे में पाए गए हैं। हालांकि तीसरे व्यक्ति का सैंपल पुन: लिया गया है। एसपी ने बताया कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
संवाद