जिले में टीबी रोगियों की जांच के लिए शुरू होगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग कर रहा तैयारियां, जांच के लिए लोगों को 16 वर्गों में किया विभाजित
जिले में चलाया जाएगा 100 दिन का विशेष टीबी मुक्त अभियान
धर्म सिंह तोमर
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में छुपे क्षय (टीबी) रोगियों की पहचान को लेकर स्वास्थ्य विभाग जल्द 100 दिन का अभियान शुरू करने की तैयारी में जुटा है। अभियान को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सिरमौर में क्षय रोग की पहचान को लेकर लगातार जांच की जा रही है, लेकिन जांच को लेकर कम ही लोग अस्पतालों में पहुंचते हैं। अब 100 दिन का अभियान शुरू कर जिले में घर-घर जाकर टीमें नॉट टेस्ट करेंगी। जिसकी रिपोर्ट के बाद रोग के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी।
खास बात यह है कि इस बार लोगों को 16 वर्गों में विभाजित किया गया है। इसमें सबसे पहले ऐसे लोगों को शामिल किया गया है जिनमें रोग के फैलने की संभावना अधिक रहती है और उन्होंने अभी तक इसको लेकर जांच नहीं करवाई हो।
इन वर्गों में सबसे पहले बंद स्थानों पर रहने वाले लोगों जिसमें खासकर जेल, नशा मुक्ति केंद्र, वृद्धाश्रम, उद्योगों में कार्यरत श्रमिक, दुबले पतले लोग, कैंसर आदि रोगों की दवाओं का सेवन करने वाले रोगी, धूम्रपान करने वालों सहित ऐसी दवाओं का सेवन करने वाले लोग जिनसे रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी आती हो को शामिल किया गया है। इसके अलावा जो लोग क्षय रोग से संबंधित रोगियों के संपर्क में हैं उनकी भी जांच होगी।
-सिरमौर में टीबी को लेकर 100 दिन का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं। अभियान के दौरान छुपे हुए टीबी रोगियों की पहचान को लेकर लोगों को 16 वर्गों में विभाजित किया गया है जिनके सैंपल लिए जाएंगे। जिलावासियों से भी अपील की है कि अभियान को सफल बनाने एवं स्वस्थ रहने को लेकर टीमों का सहयोग करें।
-डाॅ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर