संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू। डिग्री कॉलेज ददाहू में सड़क क्लब के सौजन्य से वीरवार को प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें कॉलेज की छह टीमों ने भाग लिया। अमित, रेशमा, अंजना व नीतिका की टीम बी ने प्रथम स्थान हासिल किया। निशांत, मनीष, मनीषा व मोनिका की टीम ई द्वितीय और सिद्धार्थ, लता, लविश व प्रतीक की टीम सी तृतीय रही।
क्लब के संयोजक प्रो. दिनेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता राष्ट्रीय राजमार्ग, सड़क सुरक्षा के संकेत, सड़क सुरक्षा नियमों और कानून पर आधारित थी। इसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्य नीलम अंगीरस ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
नाहन में जिला स्तरीय बास्केटबाल स्पर्धा पांच को
नाहन। जिला बास्केटबाल संघ की ओर से नाहन आईटीआई परिसर में 5 नवंबर को जिला स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता करवाई जाएगी। प्रतियोगिता पुरुष और महिला दोनों वर्गों में होगी। संघ के महासचिव समर वीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के बाद 6 से 11 नवंबर तक टीमों का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद 14 से 16 नवंबर तक खिलाड़ी कांगड़ा में होने वाले राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।