शिलाई में आपदा प्रबंधन कार्यशाला के समापन पर प्रमाण पत्र वितरित करते एसडीएम शिलाई। संवाद
शिलाई में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
शिलाई (सिरमौर)। विकासखंड शिलाई की 14 पंचायतों के 140 युवा स्वयंसेवकों की टास्क फोर्स के निर्माण के लिए आपदा प्रबंधन के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन हुआ।
पंचायत सभागार हॉल में चल रहे कार्यक्रम के समापन पर एसडीएम शिलाई सुरेश कुमार सिंघा ने सभी सफल युवा स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, शिलाई अजय कुमार सूद भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर एसडीएम ने कार्यशाला के सफलतापूर्वक समापन की बधाई दी। साथ ही आग्रह किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की स्थानीय आपदा की स्थिति में इन प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का सहयोग प्रशासन को मिले जिससे जान एवं माल का नुकसान कम किया जा सके।
उन्होंने ये भी आग्रह किया कि जो भी प्रशिक्षित स्वयंसेवक यहां से प्रशिक्षित हुए हैं, वह अपनी-अपनी पंचायतों व गांव के स्तर पर भी लोगों को आपदा प्रबंधन एवं फर्स्ट रिस्पांडर के महत्व को सभी के साथ साझा करेंगे।