ददाहू कॉलेज में दस्तावेजों और सुविधाओं का मूल्यांकन समिति ने लिया जायजा
वार्षिक रैंकिंग को लेकर विशेष कमेटी ने ददाहू कॉलेज का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। प्रदेश सरकार की ओर से गठित स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट समिति ने राजकीय महाविद्यालय ददाहू का निरीक्षण करके कॉलेज के तमाम पहलुओं का जायजा लिया और व्यक्तिगत तौर पर अपनी रैंकिंग की। पांच सदस्यीय इस सत्यापन कमेटी का नेतृत्व करते हुए समिति के अध्यक्ष व पांवटा साहिब महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विशाल शुक्ला ने कॉलेज के तमाम दस्तावेजों की जांच की।
डिग्री कॉलेज ददाहू के प्राचार्य डाॅ. पवन कुमार ने महाविद्यालय के तमाम पहलुओं से अवगत करवाते हुए वांछित दस्तावेज टीम के समक्ष प्रस्तुत किए जिसका टीम के सदस्यों ने गहनता से निरीक्षण कर महाविद्यालय की सुविधाओं आदि का आंकलन भी किया। प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर ही कॉलेज की वार्षिक रैंकिंग रिपोर्ट तैयार की जानी है जिसका अंतिम परिणाम दिसंबर माह में जारी होने की उम्मीद है।
कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. पवन कुमार ने बताया कि सत्यापन कमेटी ने सकारात्मक दृष्टिकोण से सभी दस्तावेजों की जांच व सभी पहलुओं का निरीक्षण किया है। इस टीम में शिलाई कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. जेआर कश्यप, प्राध्यापक डॉ. नलिन रमौल, डॉ. विवेक नेगी व डॉ. संदीप शर्मा सदस्य के तौर पर शामिल रहे। सत्यापन कमेटी ने महाविद्यालय में विद्यार्थियों के किए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर कॉलेज के सभी प्राध्यापक व गैर शिक्षक सदस्य मौजूद रहे।
-संवाद