पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा से शुभखेड़ा मार्ग पर कार से पास लेते हुए दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत हो गई। हादसे में आधा दर्जन युवक घायल हो गए। सभी घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
ईशरार निवासी गांव और डॉ. कुल्हाल, तहसील विकासनगर, जिला देहरादून ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। ईशरार ने बताया कि वह शुभखेड़ा में सब्जी एवं फलों की दुकान करता है। बीती रात करीब पौने नौ बजे इसकी दुकान के सामने सड़क पर एक मोटरसाइकिल चालक कार से पास ले रहा था।
इसी दौरान पांवटा साहिब की ओर से एक अन्य मोटरसाइकिल बहुत तेज रफ्तारी से आया और दोनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इनमें एक मोटर साइकिल पर लोहे की दो सैटरिंग की प्लेट रखी थी, जो कार के अगले हिस्से में जा लगी। टक्कर लगने से दोनों मोटर साइकिलों पर सवार सड़क पर गिर गए। इनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
वहीं कार में सवार दो लोगों को भी चोटें आई। सभी को निजी गाड़ियों और एंबुलेंस की मदद से पांवटा अस्पताल पहुंचाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर इन सभी को उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। डीएसपी पांवटा बीर बहादुर ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में आधा दर्जन युवक घायल हुए हैं। सभी को पांवटा अस्पताल से प्राथमिक उपचार बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।