नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में दो दिन से जारी भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। इसके चलते शुक्रवार को सड़कों पर भूस्खलन से जिले के विभिन्न मंडलों में लोक निर्माण विभाग की 17 सड़कें बंद हो गईं। विभाग ने मशीनरी लगाकर शाम तक कई सड़कों को बहाल कर दिया। जबकि, भारी मलबे से बंद हुई सड़कों को खोलने का काम जारी रखा।
बता दें कि पिछले दो दिन से जिले के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो रही है। इसके चलते जगह-जगह भारी भूस्खलन हो रहा है। जिले के नेशनल हाईवे पर भी पत्थर और मलबा गिर रहा है। साथ ही लोक निर्माण विभाग की सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।
शुक्रवार को हुई बारिश से विभाग को 36.45 लाख रुपये की चपत लगी। वहीं, सड़कें बंद होने से वाहन चालकों और यात्रियों को भी भारी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। सबसे ज्यादा परेशानी कामकाजी लोगों को हुई, जो समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
बारिश के चलते पांवटा साहिब मंडल में खारा-टोका, खारा मानल-बस्ती, जामनीवाला, गुलाबगढ़, गोंदपुर और खेरनी-पथोरी सड़क जगह-जगह मलबा आने से बंद रही। वहीं, नाहन क्षेत्र की सैनवाला-बर्मापापड़ी सड़क भारी भूस्खलन के चलते बंद हो गई। इस सड़क पर पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गया, जिसे मशीन से हटाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इसके अलावा मात्तर भेड़ों, देवरी-टिकरी, राजगढ़ क्षेत्र की डीबीआरसी सड़क, चूरवाधार-गड़ोल, कुलथ कोटी, माटल बखौग और सराहां मंडल की किलाक्लांच, बनड़ बोहल-गागल-शिकोर सड़क भी घंटों बंद रही। जिला आपदा प्राधिकरण से प्राप्त रिपोर्ट में जिले की 17 सड़कों को लाखों रुपये नुकसान हुआ है। कई सड़कों को खोलने का काम जारी है।
सैनवाला-बर्मापापड़ी सड़क पर बारिश से हुआ भारी भूस्खलन। संवाद- फोटो : NAHAN