नाहन (सिरमौर)। तीन राज्यों की सीमाओं के साथ सटे सिरमौर जिले में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। जिले में चुनाव के बीच अब तक विभिन्न मामलों में 37,21,101 रुपये की नकदी बरामद की जा चुकी है। इस राशि को लेकर संबंधित व्यक्ति लेन-देन को लेकर कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे में उपरोक्त राशि को जब्त किया गया है।
दरअसल, विधानसभा चुनाव के चलते सिरमौर जिले के सभी इंटर स्टेट नाकों पर पुलिस, सर्विलांस व पैरा मिल्ट्री की टीमें तैनात हैं। सिरमौर का 225 किलोमीटर का हिस्सा पड़ोसी राज्य हरियाणा व उत्तराखंड के साथ सटा है। इसमें से दो किलोमीटर उत्तरप्रदेश की सीमा के साथ भी लगता है। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से सातों दिन 24 घंटे टीमें पैनी नजर बनाए हुए हैं।
प्रत्येक वाहन की जांच के बाद ही उन्हें हिमाचल में प्रवेश दिया जा रहा है। खासकर पांवटा साहिब के गोविंदघाट व बहराल बैरियर पर ही सबसे अधिक नकदी पकड़ी गई है। बता दें कि वीरवार देर रात्रि भी पुलिस ने हिमाचल-हरियाणा की सीमा पर बहराल बैरियर पर पुलिस ने दिल्ली नंबर की एक कार से 3.270 किलोग्राम हीरे और सोने के आभूषण भी बरामद करने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा ने बताया कि विधानसभा चुनावों को मद्देनजर रखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों, शराब व धन की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए जिले के सभी अंतरराज्यीय आवागमन रास्तों पर नाकाबंदी की जा रही है। कहा कि अब तक विभिन्न नाका ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने अवैध शराब के अतिरिक्त 37,21,100 रुपये की नकदी भी जब्त करने में सफलता प्राप्त की है।