नाहन में उपायुक्त को संबद्धता संबंधी कागजात दिखाते जिला सिरमौर फुटबॉल संघ के पदाधिकारी।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर फुटबाल संघ का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उपायुक्त सिरमौर रामकुमार गौतम से मिला। संघ के प्रधान नरेंद्र थापा की अगुवाई की मिले प्रतिनिधिमंडल ने संघ की संबद्घता के कागजात भी पेश किए।
बता दें कि जिला सिरमौर फुटबाल संघ 2003 से कार्यरत है लेकिन 2014 में कुछ लोगों ने संघ के इसी पंजीकरण नंबर पर बिना सूचना नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया। इससे जिला सिरमौर फुटबाल संघ दो गुटों में बंट गया। लिहाजा पुराने संघ ने नई कार्यकारिणी के गठन पर सवाल उठाए और इसकी प्रति उपायुक्त सिरमौर को भी सौंपी।
इसके बाद उपायुक्त सिरमौर ने पुराने संघ के पदाधिकारियों से संघ की संबद्घता संबंधी कागजात पेश करने निर्देश दिए। मंगलवार को संघ ने उपायुक्त सिरमौर के समक्ष अपनी कार्यकारिणी और संबद्घता के सभी दस्तावेज पेश किए।
इस मौके पर पदाधिकारियों ने कहा कि उपायुक्त सिरमौर के निर्देश के अनुसार ही संघ कार्य कर रहा है और नई कार्यकारिणी भी गठित की गई है। संघ के प्रधान नरेंद्र थापा ने बताया कि संघ ने हाल ही में 16 अगस्त 2021 को पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर आठ सदस्यों की नई कार्यकारिणी का गठन किया जिसमें पुरानी कार्यकारिणी के सभी सदस्य शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि संविधान में संशोधन के बाद संघ का विस्तार करने के बाद कार्यकारिणी में नौ पदाधिकारियों समेत कुल 23 सदस्य शामिल हैं, जिन्हें वोटिंग का अधिकार दिया गया है। इस कार्यकारिणी में ददाहू, पांवटा साहिब आदि क्षेत्रों से भी कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसकी अधिसूचना की प्रति भी उपायुक्त कार्यालय को दी गई है। इस मौके पर महासचिव मनोज पटेट, संघ के मीडिया प्रभारी सुधीर रमौल और देवेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
................