राजगढ़ (सिरमौर)। सोलन-नेरीपुल सड़क में शलैच कैंची के पास ट्रक के खाई में गिर जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
मंगलवार देर रात्रि नेरीपुल से सोलन की ओर जा रहा ट्रक (पीबी 13 बीके-8182) शलैच कैंची के पास करीब 400 फीट खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और ट्रक में सवार दो लोगों को बाहर निकाला। इसमें से राकेश (28) निवासी हरदत्तपुरा, संगरूर की मौके पर ही मौत हो गई। हरदत्तपुरा संगरूर निवासी संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल सोलन ले जाया गया। यहां से उसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। एसडीएम यादवेंद्र पाल ने प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को बीस हजार की फौरी राहत राशि दी।
टिपर और बाइक की टक्कर में युवक घायल
ददाहू (सिरमौर)। थाना क्षेत्र रेणुका के अंतर्गत रेणुका-नाहन मार्ग पर पनार चौक पर बुधवार को टिपर और बाइक में टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को ददाहू अस्पताल से नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने टिपर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। ददाहू निवासी सागर (18) बाइक पर दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान पनार की तरफ से आ रहे एक टिपर से उसकी टक्कर हो गई। इससे वह घायल हो गया। लोगों की सहायता से उसे ददाहू अस्पताल लाया गया। जहां से उसे नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एसएचओ रेणुका देवी सिंह नेगी ने बताया कि टिपर और बाइक चालक दोनों की गलती पाई है। दोनों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।
आठ युवकों पर लगाया मारपीट का आरोप
भडवाना निवासी टिपर चालक ने आठ युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में भडवाना निवासी कपिल शर्मा ने बताया कि वह पनार की ओर से टिपर पर ददाहू की ओर जा रहा था। बिजली कालोनी स्थित पनार चौक पर एक बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इसके तुरंत बाद ही उसने बाइक सवार को उठाया। इस दौरान कई लोग एकत्रित हो गए, जो उसे ददाहू अस्पताल ले गए। इस घटना के कुछ ही देर बाद एक गाड़ी में आठ लोग आए और उसकी थप्पड़ और मुक्कों से पिटाई की। इससे उसे चोट आई हैं। पुलिस ने शिकायत बाद 8 युवकों के खिलाफ धारा 147, 149 और 323 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।