फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour News: मलबे और बारिश में बंद हो जाता है रेणुकाजी-संगड़ाह मार्ग

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


संगड़ाह (सिरमौर)। मंगलवार सायं हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर से रेणुका जी-संगड़ाह मार्ग पर लोकनिर्माण विभाग की पोल खोल दी। स्थानीय माइन से अचानक आए मलबे की चपेट में एक कार और दो बाइकें आ गईं। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह घटना प्रशासन और संबंधित विभागों की लापरवाही को उजागर कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। गत वर्ष भी इसी स्थान पर एक वाहन मलबे में दब गया था, जिसमें सवार परिवार ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई थी। इसके अलावा कई बाइक सवार इस स्थान पर पहले भी चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद न तो लोक निर्माण विभाग और न ही प्रशासन ने इस ज्वलंत समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाया है।
विज्ञापन


बारिश होते ही माइन से निकलने वाला मलबा सीधे सड़क पर आ गिरता है, जिससे करीब 300 मीटर मार्ग कीचड़ और पत्थरों से भर जाता है और मार्ग उक्त स्थान से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। आलम यह है कि सड़क के किनारों पर लगातार कटाव हो रहा है और मार्ग दिन ब दिन संकरा होता जा रहा है। यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह मार्ग कभी भी लंबे समय के लिए बंद हो सकता है।

हालांकि खान मालिक द्वारा मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन तो भेजी जाती है, लेकिन यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। विशेष तौर पर रात के समय सड़क बंद होने पर वाहन चालकों और राहगीरों को घंटों इंतजार करना पड़ता है इसके साथ यह समस्या स्थानीय लोगों के लिए रोजाना की परेशानी बन गई है।

हैरानी की बात यह है कि यह संवेदनशील स्थल संगड़ाह के प्रमुख सरकारी कार्यालयों से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है फिर भी प्रशासन, पुलिस और लोकनिर्माण विभाग इस ओर आंखें मूंदे बैठे हैं। लगातार हो रही घटनाओं के चलते विभाग और जनप्रतिनिधि केवल मूकदर्शक बनकर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।

-बाक्स

विभाग ने भेजा नोटिस
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अधिशासी अभियंता खजान सिंह ने बताया कि इस प्रकार सड़क पर आ रहे मलबे को लेकर वालिया माइन के मालिक को नोटिस भेज दिया है। इसमें उन्हें आगाह कर दिया है कि लगातार आ रहे मलबे का स्थाई समाधान निकाला जाए अन्यथा खान मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सड़क के नुकसान की भरपाई के लिए भी कहा है।
विज्ञापन

-
खान व्यवसायी सुप्रियांक वालिया से हुई बातचीत में उन्होंने मलबा आने की बात को स्वीकारते हुए बताया कि जिन स्थानों से मलबा बहकर सड़क में जा रहा है उन स्थानों पर ऊंची रिटर्निंग दीवार बनाई जाएगी। उन्होंने लोगों से बारिश के समय धैर्य रखने की बात कही तथा लोगों द्वारा जल्दबाजी में वाहन निकालने की बात कही।

-संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें