रोगी कल्याण समिति की बैठक में बोले उद्योग मंत्री, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बैठक से पहले अस्पताल का निरीक्षण किया, भवन निर्माण कार्य का किया अवलोकन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई अस्पताल में बुधवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता उद्योगमंत्री हर्षवर्धन चौहान ने की। उन्होंने कहा कि 19 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 100 बिस्तर क्षमता वाले अस्पताल का भवन जल्द तैयार कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
बैठक में क्षेत्र के लोगों के लिए चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। कहा गया कि रोगी कल्याण समिति की धन राशि का उपयोग क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने पर किया जाना चाहिए।
शिलाई अस्पताल आसपास के क्षेत्र का केंद्र बिंदु है। यहां दूर-दराज़ के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग अपना इलाज करवाने पहुंचते हैं। इसलिए यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का होना बहुत जरूरी है। इस अस्पताल के लिए स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार और विधायक निधि से बजट का प्रावधान किया जाएगा।
सचिव रोगी कल्याण समिति डॉ. शीतल शर्मा ने बैठक का संचालन करते हुए रोगी कल्याण समिति के आय व्यय का ब्योरा और बैठक का एजेंडा समिति के समक्ष रखा। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल के लिए कुछ मांगे भी उद्योग मंत्री के समक्ष रखीं।
बैठक से पहले उद्योग मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण किया। चिकित्सकों से मिले और उपचार के लिए उनकी जरूरतें जानी। उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों का कुशलक्षेम जाना और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा उद्योगमंत्री ने अस्पताल के नये भवन निर्माण कार्य का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मार्केटिंग कमेटी अध्यक्ष सीता राम शर्मा, एसडीएम शिलाई जसपाल, बीडीओ अभिषेक ठाकुर, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति प्रदीप चौहान, बीएमओ अजय देओल, सीडीपीओ गीता सिंगटा, ओएसडी अत्तर राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संवाद
शिलाई में अस्पताल भवन के निर्माण का जायजा लेते उद्योगमंत्री हर्षवर्धन चौहान। संवाद