बद्रीपुर से भूपपुर तक सर्विस रोड सबसे अधिक प्रभावित, कई दुकानों में घुसा पानी
लोगों ने नालियों की सफाई में लापरवाही का लगाया आरोप, एनएच ने सुधार का दिया भरोसा
विश्वकर्मा चौक, वाई प्वाइंट, किशनपुर समेत कई क्षेत्रों में घंटों पानी भरा रहा
जल निकासी व्यवस्था ठप होने से आवागमन प्रभावित, वाहन चालकों और राहगीरों को उठानी पड़ी परेशानी
हर बरसात में दोहराई जा रही समस्या, लोगों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। बरसात शुरू होने से पहले शहर के वार्डों और राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बनी नालियों की समुचित सफाई नहीं हो सकी। इसके चलते बारिश शुरू होते ही कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
वीरवार तड़के से दोपहर तक हुई लगातार बारिश के कारण शहर के कई वार्डों और राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे जलभराव रहा। सबसे अधिक परेशानी बद्रीपुर चौक से भूपपुर-केदारपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित सर्विस रोड और रिहायशी क्षेत्रों में देखने को मिली। कई दुकानों में पानी भर जाने के कारण वे दोपहर बाद ही खुल सकीं।
स्थानीय निवासी सुरजीत सिंह, एसएस असवाल, मोहन सिंह, चरनजीत सिंह, पवन कुमार और रमेश कुमार का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की जल निकासी नालियों की बरसात से पहले समुचित सफाई नहीं की गई। इसके कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया। लगातार करीब छह घंटे तक हुई बारिश से कई दुकानों में पानी घुस गया। कुछ दुकानदार सुबह जलभराव देखकर वापस लौट गए। दोपहर बाद लौटने पर उन्होंने पहले दुकानों से पानी निकाला और सफाई के बाद ही कारोबार शुरू किया। एनएच-707 पर आदर्श कॉलोनी, तारुवाला और शिवा कॉलोनी के समीप भी लंबे समय तक जलभराव रहा।
शहरी क्षेत्र के विश्वकर्मा चौक, वाई प्वाइंट, भूपपुर और तारुवाला में भी कुछ समय तक जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। इसके अलावा शाह गारमेंट से गीता भवन तक, कपिल स्टूडियो के समीप, डॉ. खुराना गली, वार्ड नंबर छह तथा वार्ड नंबर 13 की बैंक कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा।
देहरादून-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग की किशनपुर स्थित सर्विस रोड भी जलभराव के कारण तालाब जैसी दिखाई दी। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बरसात में यहां यही समस्या उत्पन्न होती है। जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण वर्षा के दौरान अक्सर सड़क पर पानी भर जाता है।
स्थानीय निवासी अनिल ठाकुर, अनुज कंवर और मनोज चौहान ने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। सबसे अधिक दिक्कत राहगीरों को होती है और कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग, नाहन राकेश खंडूजा ने बताया कि समय-समय पर जल निकासी नालियों की सफाई करवाई जाती है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब में बद्रीपुर से भूपपुर तक जलभराव की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
देहरादून पांवटा साहिब एनएच- 07 पर बद्रीपुर से भूपपुर के बीच जलभराव से दुकानों में घुसे पानी-गंद