मुख्य मार्गों पर लगाए जाए आपातकालीन नंबर और स्पीड लिमिट साइन बोर्ड : वर्मा
जिला सड़क सुरक्षा समिति की नाहन में बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक नाहन में शुक्रवार को अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एलआर वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में एडीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत परिवहन, पुलिस और संबंधित विभागों को यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करनी होगी ताकि जिले में दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके। उन्होंने कहा कि वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संख्या में भी लगातार इजाफा होता जा रहा है, इसलिए हमें सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत गंभीरता से तीन बिंदुओं पर कार्य करने की आवश्यकता है जिसमें वाहन चालकों में जागरुकता, सड़कों पर वाहनों की अवैध पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई शामिल है।
उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख स्थलों सहित कैंट स्कूल नाहन, लाइब्रेरी चौक, अस्पताल के समीप वाहनों के अनावश्यक पार्किंग पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जिला की प्रमुख सड़कों विशेषकर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ओवर स्पीड रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि मुख्य मार्ग पर साइन बोर्ड लगाकर स्पीड लिमिट तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवा के दूरभाष नंबरों की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि ओवर स्पीड को रोकने तथा दुर्घटना से बचाव के लिए मुख्य मार्ग पर जहां भी जरूरी हो सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले में विभिन्न सड़कों में 566 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इसी प्रकार राष्ट्रीय उच्च मार्ग द्वारा जिले में 17 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं।
उन्होंने पुलिस विभाग, मेडिकल विभाग, शिक्षा विभाग, अध्यक्ष रोड सेफ्टी क्लब को शिक्षण संस्थानों, आईटीआई, पीजी कॉलेज में हर माह सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अजय पाठक, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अलोक जुनेजा, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय उच्च मार्ग अभय सिंह चौहान, कनिष्ठ अभियंता नगर परिषद ललित गोयल, रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर, क्षेत्रीय परिवहन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।