शिलाई के आरियों गांव में सड़क सुविधा न होने से गुलाबी देवी को कई किलोमीटर तक उठाकर ले गए ग्रामीण
100 से अधिक की आबादी देख रही सड़क की राह, मरीजों और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा पहुंचाने के दावों के बीच शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ग्वाली के आरियों गांव की तस्वीर आज भी बुनियादी सुविधाओं की हकीकत बयां कर रही है। गांव में सड़क नहीं होने के कारण बुधवार को एक बीमार महिला को मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को कई किलोमीटर तक लकड़ी के डंडे से बांधकर उठाना पड़ा। अधरंग का दौरा पड़ने के बाद गुलाबी देवी को अस्पताल ले जाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों को कच्चे रास्ते से होते हुए मटियाणा तक पहुंचाना पड़ा।
महिला के बेटे चमेल सिंह और स्थानीय ग्रामीण कमलदीप, विवेक, राजेंद्र आदि ने बताया कि बुधवार को गुलाबी देवी को अधरंग का दौरा पड़ा। उन्हें अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ी, लेकिन गांव तक सड़क सुविधा नहीं होने के कारण वाहन पहुंचना संभव नहीं था। ऐसे में ग्रामीणों ने लकड़ी के डंडे की मदद से महिला को बांधकर उठाया और पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई।
ग्रामीणों के अनुसार आरियों गांव में 100 से अधिक लोगों की आबादी है। लंबे समय से सड़क सुविधा की मांग कर रहे हैं। सड़क नहीं होने का सबसे ज्यादा खामियाजा बीमार लोगों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भुगतना पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि बीमार व्यक्ति को उठाकर पैदल ले जाने के लिए भी पर्याप्त लोग नहीं मिलते।
सड़क सुविधा के अभाव में बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बच्चों को जंगली रास्तों से पैदल सफर कर स्कूल पहुंचना पड़ता है। इस दौरान जंगली जानवरों के हमले का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से गांव तक सड़क निर्माण करवाने की मांग उठाई है।
पंचायत प्रधान बोले, 3-4 किलोमीटर हिस्से में नहीं सड़क
ग्राम पंचायत ग्वाली के प्रधान पंचराम तोमर ने बताया कि बुधवार को बीमार महिला को ग्रामीणों की मदद से उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ा। गांव तक करीब तीन से चार किलोमीटर हिस्से में सड़क नहीं बनी है। इस क्षेत्र में वन विभाग की भूमि के साथ लोगों की निजी भूमि भी आती है, जिसके कारण सड़क निर्माण में समस्या पेश आ रही है। इस मामले को सरकार के समक्ष उठाया गया है।
बजट में डाला है सड़क निर्माण का मामला : योगेश शर्मा
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश शर्मा ने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में है। मटियाणा तक विभाग की पक्की सड़क है, जबकि वहां से आरियों गांव तक करीब तीन से चार किलोमीटर हिस्से में सड़क नहीं बनी है। इस सड़क के निर्माण का मामला बजट में डाला गया है। रास्ते में निजी और वन भूमि आने के कारण समस्या पेश आ रही है। यदि लोग सड़क निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करवाते हैं तो सड़क का निर्माण करवाया जाएगा।