नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन शहर की खस्ताहाल सड़कें हादसों को न्योता दे रही हैं। आलम यह है कि इन सड़कों पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। साथ ही शहर की सुंदरता को भी ग्रहण लग रहा है। बरसात के चलते इन सड़कों की हालत काफी खस्ता हो चुकी हैं।
ये सड़कें नगर परिषद के अधीन हैं। ऐसे में इनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी नगर परिषद की है लेकिन अभी तक इन सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। हालांकि नगर परिषद के पदाधिकारी मरम्मत कार्यों के टेंडर लगाने की बात कह रहे हैं।
दिल्ली गेट-उपायुक्त कार्यालय-कोर्ट सड़क की हालत काफी दयनीय है। इस सड़क पर उपायुक्त कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, कोर्ट, एसडीएम दफ्तर, पुलिस लाइन और पुलिस अधीक्षक कार्यालय आदि सभी तरह के कार्यालय हैं। रोजाना जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा सभी विभागों के अधिकारी रोजाना इसी मार्ग से दफ्तर पहुंचते हैं। बावजूद इसके मार्ग की हालत नहीं सुधर पाई है।
इसके अलावा सैकड़ों लोग प्रतिदिन वाहन लेकर अपने रोजमर्रा के कार्यों को लेकर इस सड़क से गुजरते हैं। मार्ग की खस्ताहालत के चलते यहां पर वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। हैरानी की बात है कि इस मार्ग से रोजाना वीआईपी मूवमेंट होती है, बावजूद इसके सड़क की हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। इसी तरह पुलिस लाइन से चंबा ग्राउंड और हिमाचल पथ परिवहन निगम की कर्मशाला को जाने वाली सड़क खस्ताहाल है।
शहर के दूसरे छोर पर स्थित जीएसटी भवन, डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन, उपायुक्त आवास, कच्चा टैंक का मार्ग भी काफी खराब है। नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर ने बताया कि खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत जल्द की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर परिषद ने विभिन्न मदों में लगभग 35 टेंडर आमंत्रित किए हैं। टेंडर आवंटित होने के बाद इन मार्गों की दशा सुधारी जाएगी।