अजय चौहान और अज्जू तोमर की गायकी ने जमाया रंग
लोक कलाकारों के नाम रही रेणुका मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू(सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या प्रदेश के नामी लोक कलाकारों के नाम रही। इस संध्या में सिरमौर के अलावा कुल्लू, मंडी, शिमला सहित अन्य जिलों की लोक संस्कृति से भी दर्शकों को रूबरू होने का मौका मिला।
इस सांस्कृतिक संध्या में अजय चौहान और अज्जू तोमर की जोड़ी ने ऐतिहासिक रेणु मंच पर ऐसा धमाल मचाया कि दर्शकों के साथ-साथ मुख्यातिथि भी झूमते नजर आए। अज्जू तोमर ने मंच संभालते ही इश्क हुआ आपसे..., झुमका तेरा कानोरा..., नाटी रा चस्का बुरा...,और नाटी सिरमौर वालीए..., आदि अनेकों लोकगीतों की झड़ी लगाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
अनुज शर्मा के मंच पर आते ही दर्शकों ने उनका गर्मजोशी से अभिवादन किया। अनुज शर्मा ने इक हसीना थी इक दीवाना था..., तेरे जैसा प्यार कहां..., इन छौरुआं नू लिए समझाई...और सावन में लग गई आग... आदि अनेकों पहाड़ी व फिल्मीं नगमें सुनाकर दर्शकों के बीच जाकर समां बांधा।
इससे पूर्व मंडी की लोक कलाकार ममता भारद्वाज ने तेरे बिन नहीं लगदा दिल मेरा सोनिया.., दिल ले गई कुड़ी गुजरात दी... और बिल्लो रानी कहो तो जान दे दूं..., गीतों से खूब रंग जमाया। कलाकार अरुण जस्टा ने सुरीली आवाज के साथ अपनी सादगी का परिचय देते हुए रोहड़ू जाना मेरी अमिये..., और रंग रूप तेरा बड़ा प्यारा..., आदि अनेकों लोकगीतों से समां बांधे रखा। पांवटा साहिब के उभरते हुए के कलाकार दलजीत सिंह ने तेरा मेरा प्यार अड़िये बचपनो दा..., बड़ी याद आंदी तेरी साजना..., मेरा सिरमौर बड़ा प्यारा... और दसों बार दिल खो गया आदि पंजाबी व पहाड़ी लोकगीतों की झड़ी लगाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इससे पूर्व कोटखाई के कलाकार विनोद रांटा ने देवा श्री गणेशा.., और मुंदडी झुगे ना तेरे कानों.., की प्रस्तुति पर दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के करीब तीन दर्जन कलाकारों ने भी मंच पर अपने नगमें सुना कर दर्शकों को प्रदेश की लोक संस्कृति से रूबरू करवाया।
इस सांस्कृतिक संध्या के मुख्यातिथि विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार रहे। उनके साथ एडीसी एलआर वर्मा, एसडीएम नाहन राजीव साँख्यान, तहसीलदार ददाहू जयसिंह ठाकुर, सीईओ भरत सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तपेंद्र चौहान और मित्र सिंह तोमर सहित रेणुका विकास बोर्ड के सदस्य व दर्शक मौजूद रहे।
-संवाद
रेणुकाजी मेले में आयोजित सांस्कृतकि संध्या में प्रस्तुति देते गायक अनुज शर्मा। संवाद
रेणुकाजी मेले में आयोजित सांस्कृतकि संध्या में प्रस्तुति देते गायक अनुज शर्मा। संवाद
रेणुकाजी मेले में आयोजित सांस्कृतकि संध्या में प्रस्तुति देते गायक अनुज शर्मा। संवाद