ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। परंपरा के अनुसार मेले का विधिवत उद्घाटन 13 नवंबर को दोपहर बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं समापन राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर 19 नवंबर को करेंगे।
रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष और उपायुक्त रामकुमार गौतम ने मंगलवार को रेणुका मेले की तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की। बैठक में मेले के आयोजन से संबंधित विस्तृत रूपरेखा को तैयार करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए जुटाई जा रही सुविधाओं का आंकलन भी किया गया।
मेले में शिरकत करने वाले श्रद्धालुओं की स्नान से पहले थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। एक साथ 26 श्रद्धालुओं को स्नानघाट पर नहाने की इजाजत दी जाएगी। इसमें 10 महिलाएं और 16 पुरुष शामिल रहेंगे। प्रत्येक श्रद्धालु को स्नान करने के लिए मात्र तीन से पांच मिनट का ही समय दिया जाएगा। इसको लेकर स्नान घाटों पर पर्याप्त व्यवस्था के साथ-साथ चेतावनी वर्धक बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
मेले के दौरान देवताओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री, राज्यपाल और अन्य अतिथियों के स्वागत के लिए 15 स्वागत द्वार स्थापित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बिजली, पानी, इंधन, साफ-सफाई, स्वास्थ्य एवं परिवहन की सुविधाओं के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के भी पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे।
मेले के आयोजन को लेकर पुलिस विभाग को जल्द ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस विभाग 11 नवंबर तक ट्रैफिक प्लान तैयार करके उसे सार्वजनिक करेगा। मेले के दौरान ददाहू कि गिरि नदी में एक साथ दो हजार वाहनों के खड़ा करने की व्यवस्था की जाएगी।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सोनाक्षी तोमर, एसडीएम नाहन रजनेश कुमार, एसडीएम संगड़ाह डॉ. विक्रम नेगी, सीएमओ डॉ. संजीव सहगल, तहसीलदार ददाहू चेतन चौहान, रेणुका के विधायक विनय कुमार, भाजपा नेता बलबीर सिंह सहित बोर्ड के सभी सरकारी-गैर सरकारी सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।