नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में हो रही बरसात से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। बीते मंगलवार को हुई भारी बरसात से पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में तीन पशुशालाएं ध्वस्त हो गईं, वहीं ददाहू और नाहन तहसील में दो कच्चे मकान गिर गए।
जानकारी के अनुसार पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के चत्तर सिंह निवासी निवाड़, तहसील राजगढ़ की पशुशाला ढह गई। चतर सिंह का चार हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। इसी तरह रमेश कुमार निवासी दांवल की पशुशाला गिर गई। इसमें रमेश कुमार को 6800 का नुकसान हुआ है। भूपेंद्र सिंह निवासी मथानन, तहसील पच्छाद की पशुशाला गिरने से सात हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
ददाहू तहसील के स्वारा लैडासी गांव की कमला देवी का कच्चा मकान भी बारिश के चलते गिर गया है। कमला देवी का लगभग 80 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। इसी तरह नाहन तहसील के मात्तर गांव में सत्यानंद का कच्चा मकान भी बरसात से ध्वस्त हुआ जिसमें उसे 55 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जिला सिरमौर आपदा प्रबंधन के अधिकारी ने पशुशाला और कच्चे मकान गिरने और नुकसान की पुष्टि की है।
................