pump oprators of jalsakti department in nahan demanded for pay scale like as punjab govt.
पांवटा साहिब(सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग में कार्यरत पंप ऑपरेटरों ने पंजाब की तर्ज पर वेतनमान प्रदान करने का आग्रह किया है। जल शक्ति विभाग वृत्त नाहन पंप ऑपरेटर इकाई के सदस्य कंवर सिंह ठाकुर, राहुल चौहान, जय सिंह, अनिल ठाकुर, दिनेश कुमार, गुरजीत सिंह, कुलदीप सैनी, चरण, निशू और रमेश कुमार का कहना है कि प्रदेश सरकार मांगों पर गंभीरता से विचार करें।
सरकार से रखी प्रमुख मांगों में 2012 से संशोधित वेतनमान जो पंजाब सरकार अपने पंप ऑपरेटर कर्मचारियों को दे रही है, हिमाचल सरकार भी उसी तर्ज पर वेतनमान प्रदान करें। वेतन आयोग के लाभ मिलने से पहले प्रशासनिक ट्रिब्यूनल के 23 जून 2016 के फैसले को तुरंत लागू करें। हाल ही में लागू किए गए पे कमीशन में पंप ऑपरेटर श्रेणी को फिर से 2009 व 2012 की तर्ज पर 5910+1900=7810 की श्रेणी में रखा गया है, जबकि पंप ऑपरेटर तृतीय श्रेणी में आते हैं।
कोरोना काल में जब अधिकतर विभागों के कर्मचारियों ने वर्क फ्रोम होम किया, पंप ऑपरेटर ने लॉकडाउन में बिना सरकारी पास, बिना सैनिटाइजेशन सुविधा के जान जोखिम में डाल कर सेवाएं दीं। हैरानी इस बात की है कि पंप ऑपरेटरों को कोरोना वॉरियर्स की श्रेणी में भी नहीं रखा है, जो कर्मचारियों के साथ अन्याय है।