फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour News: प्रेमनगर-चांदोग घिरड़-संदरोल सड़क बदहाल, चार हजार की आबादी परेशान

विज्ञापन
प्रेमनगर-चांदोग घिरड़-संदरोल संपर्क सड़क की बदहाली बयां करती तस्वीर। संवाद
विज्ञापन
-एक साल पहले हुआ पैचवर्क भी उखड़ा, बस सेवा बंद होने की चेतावनी
विज्ञापन



भेखानंद वर्धन
नैनाटिक्कर (सिरमौर)। प्रेमनगर-चांदोग घिरड़-संदरोल संपर्क सड़क की हालत इन दिनों बद से बदतर हो गई है। जगह-जगह पड़े गहरे गड्ढे इस सड़क की बदहाली की कहानी बयां कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग अब सवाल कर रहे हैं कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित यह मार्ग लोक निर्माण विभाग के उपमंडल डिलमन के अधीन आता है, लेकिन लंबे समय से इसकी हालत सुधारने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले वर्ष सड़क पर पैचवर्क किया गया था, लेकिन करीब दो माह बाद ही कई जगह बिछाई गई सामग्री उखड़ने लगी। अब सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बरसात के दौरान स्थिति और खराब हो गई। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है और कई बार दुर्घटना की स्थिति बन चुकी है।
विज्ञापन

इस मार्ग पर एकमात्र निजी बस सेवा संचालित होती है। सड़क की खराब हालत को देखते हुए बस मालिक की ओर से सेवा बंद करने की चेतावनी दी जा चुकी है। यदि बस सेवा बंद होती है तो प्रेमनगर, चांदोग, घिरड़, संदरोल सहित आसपास के गांवों की करीब चार हजार की आबादी प्रभावित होगी।
ग्रामीणों सुंदर लाल, बबलू राम, राजकुमार, संजय कुमार, लेखराज, हरिमोहन, ताराचंद, रामदास, इंदर सिंह, मनीराम, देवराज, बलवंत सिंह, भूपेंद्र सिंह, त्रिलोक चंद आदि ने बताया कि सड़क की हालत बदहाल है। यदि बस सेवा बंद होती है तो विद्यार्थियों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी। गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने से किसानों को सब्जियां और दूध मंडी तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। व्यापारियों को भी सामान की ढुलाई में अधिक समय और खर्च उठाना पड़ रहा है।
विज्ञापन


ठेकेदार ने काम बीच में छोड़ा, टेंडर किया जा रहा समाप्त : प्रमोद आर्य
लोक निर्माण विभाग सराहां के अधिशासी अभियंता प्रमोद आर्य ने कहा कि मामला विभाग के ध्यान में है और कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करवाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि ठेकेदार ने कार्य बीच में छोड़ दिया है और फिलहाल टेंडर को समाप्त किया जा रहा है। विभाग के पास वर्तमान में बजट उपलब्ध नहीं है। बजट उपलब्ध होते ही सड़क का कार्य शुरू करवाया जाएगा।

संवाद-

प्रेमनगर-चांदोग घिरड़-संदरोल संपर्क सड़क की बदहाली बयां करती तस्वीर। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें