ददाहू (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश पावर कार्पोरेशन ने शनिवार को अपना 15वां स्थापना दिवस मनाया। रेणुका बांध परियोजना के महाप्रबंधक रूपलाल ने ध्वजारोहण करने के साथ ही मार्च पास्ट की सलामी ली।
उन्होंने निगम के 15 वर्षों की सफलता एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहाकि 40 मेगावाट की रेणुका बांध परियोजना की तमाम औपचारिकताओं को पूरा करने के साथ ही केंद्रीय आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी (सीसीईए) कमेटी से भी स्वीकृति मिल चुकी है। इसको लेकर आगामी 27 दिसंबर को परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा। शीघ्र ही यह परियोजना निर्माण कार्य की ओर अग्रसर होगी।
इस दौरान उन्होंने निगम के कार्यवाहक प्रबंध निदेशक मनमोहन शर्मा का संदेश सुनाते हुए कहा कि निगम ने विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से 281 मेगावाट के लक्ष्य को हासिल कर लिया है। इससे पूर्व उन्होंने बांध परियोजना से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाते हुए उन्हें अपने कार्यों को पूर्ण निष्ठा, मेहनत, लगन और ईमानदारी से करने का आह्वान किया।
इस मौके पर बीडीसी संगड़ाह के अध्यक्ष मेलाराम शर्मा, उप महाप्रबंधक सुनील ठाकुर, संजीव कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. नीरज सिंगल, सुनील गुप्ता, प्रदीप मेहरा, कपिल दत्त शर्मा, रोहित वर्मा, किशोर ठाकुर और अंचना बिष्ठ सहित रेणुका बांध से जुड़े अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
.........
कैरम में कपिल व अमिता और बैडमिंटन में रोहित वर्मा ने जीता खिताब
ददाहू (सिरमौर)। रेणुका बांध परियोजना कार्यालय में शनिवार को आयोजित 15वें स्थापना दिवस के मौके पर विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। शतरंज प्रतियोगिता का खिताब सुनील गुप्ता के नाम रहा। उन्होंने शतरंज के रोचक मुकाबले मे सुमेंद्र नेगी को पराजित किया। जबकि, कैरम प्रतियोगिता के महिला एवं पुरुष वर्ग में कपिल दत्त शर्मा व अमिता चंदन ने प्रथम, संजीव कुमार व अंजना कुमारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कैरम प्रतियोगिता के संयुक्त मुकाबले में कपिल दत्त एवं संजीव कुमार ने पहला और कपिल व गीता ने दूसरा स्थान हासिल किया।
बैडमिंटन की एकल स्पर्धा में रोहित वर्मा ने दीपराम को पराजित करके खिताब पर कब्जा जमाया। जबकि, बैडमिंटन संयुक्त स्पर्धा में रोहित वर्मा और कमल शर्मा की जोड़ी ने पहला व महिमानंद व दीपराम ने दूसरा स्थान हासिल किया। रेणुका बांध परियोजना के महाप्रबंधक रूपलाल ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व आरवीएन पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके समा बांधा। जबकि परियोजना के नायब तहसीलदार ओमप्रकाश शर्मा ने भजन प्रस्तुत करके कार्यक्रम का आगाज किया।