कमरऊ में पांवटा-शिलाई एनएच दो घंटे रहा बंद
पहाड़ी दरकने से सड़क पर आया मलबा,दोनों ओर लगी वाहनों की कतारें
मार्ग बंद होने से लोग हुए परेशान, मार्ग की बहाली में जुटा विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सतौन (सिरमौर)। पांवटा-शिलाई नेशनल हाईवे -707 रविवार शाम को कमरऊ के पास पहाड़ी दरकने से बंद हो गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। मलबा आने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही विभाग की ओर से सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया। सड़क मार्ग बंद होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
भूस्खलन जहां हुआ है, उसके नीचे गांव है। इसके चलते मलबा यहां से दूसरे स्थान पर डंप किया जा रहा है। ऐसे में सड़क खुलने में काफी समय लगा।
दरअसल, रविवार को शाम 5:00 बजे एनएच-707 पर कमरऊ के पास शुकरा गांव में एक पहाड़ी दरक गई। इस दौरान सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर आ गए। हालांकि विभाग की ओर से दो जेसीबी मशीनें सड़क की बहाली में लगाई गईं। मलबा ट्रक में डंप करके दूसरी जगह शिफ्ट करने पर से समय अधिक लगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग -707 के प्रोजेक्ट निदेशक विवेक पांचाल ने बताया कि रविवार शाम कमरऊ के पास पहाड़ी दरकने से सड़क बंद हुई है। इसे खोलने का कार्य युद्ध स्तर किया गया। उन्होंने बताया कि जल्द ही सड़क को बहाल कर दिया गया। संवाद
पांवटा-शिलाई एनएच पर कमरऊ के पास पहाड़ी दरकने से सड़क पर गिरा मलबा। संवाद