पांवटा साहिब (सिरमौर)। अंतरराज्यीय सीमा बैरियर पर पांवटा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को देसी शराब और बियर के 660 बोतल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई में जुटी है। आरोपी के खिलाफ पांवटा पुलिस थाने में आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज हुआ है। जानकारी के अनुसार स्थानीय पुलिस ने अंतरराज्यीय सीमा बैरियर बहराल में रात को नाका लगाया था।
इस दौरान आने-जाने वाली गाड़ियों की तलाशी ली जा रही थी। देर रात को हरियाणा यमुनानगर की तरफ से एक पिकअप वाहन मौके पर पहुंचा, जिसमें ईंटों के नीचे अवैध शराब की पेटियां छिपाकर लाई जा रही थी। छानबीन के दौरान वाहन से देसी शराब के 600 बोतल और बियर के 60 बोतल बरामद हुए। इसकी पूछताछ करने पर चालक शराब संबंधी कोई दस्तावेज अथवा परमिट पेश नहीं कर सका।
लिहाजा, पुलिस ने शिलाई के कांडो भटनोल निवासी 32 साल के चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पांवटा के डीएसपी बीर बहादुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है।
.