संगड़ाह(सिरमौर)। संगड़ाह पुलिस ने अवैध रूप से लाई जा रही शराब व बीयर की 70 पेटियां बरामद की है। पुलिस नेें एक महिला, दो नाबालिग सहित पांच लोगों को खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार डीएसपी संगड़ाह शक्ति सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार तड़के रेणुकाजी से संगड़ाह की तरफ आ रही शराब से लदी पिकअप (एचपी18बी- 4175) और इसे पायलट कर रही एक्सयूवी (एचपी-71- 0016) को पकड़ा।
पुलिस ने गाड़ी से 40 पेटी देसी संतरा, 10 पेटी नाइट ब्लू, 10 पेटी रॉयल स्टेग शराब और 10 पेटी थंडरबोल्ट बियर बरामद की। शराब लेकर आ रहे कोलर निवासी रणवीर सिंह उर्फ राणी, उनकी पत्नी नीलम देवी और यमुनानगर के फिरोज खान को पुलिस ने मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया। वहीं दो अन्य आरोपी नाबालिग हैं। इन्हें जुविनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया जाएगा। संगड़ाह पुलिस की ओर से पकड़ी गई हरियाणा की शराब की खेप को बड़ी उपलब्धि समझा जा रहा है।
डीएसपी संगड़ाह शक्ति सिंह ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान संगड़ाह पुलिस ने शराब और बीयर की 70 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने दो गाड़ियों को कब्जे में लिया गया है और पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं अन्य दो नाबालिग को जुविनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की तहकीकात जारी है। अवैध नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।