अजय ठाकुर को मिला टेंडम पैराग्लाइडिंग का लाइसेंस। संवाद
- फोटो : NAHAN
ददाहू (सिरमौर)। ददाहू में पैराग्लाइडिंग की संभावनाएं परवान चढ़ने लगी है। मानव परिंदे शीघ्र ही यहां अपनी उड़ान भर सकेंगे। पैराग्लाइडर पायलट अजय ठाकुर को पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से टेंडम फ्लाइट (दूसरे के साथ लेकर उड़ने) का लाइसेंस प्राप्त हो गया है। शीघ्र ही वह पर्यटकों को अपने साथ बिठाकर खैना से उड़ान भर बायरी के निकट जलाल नदी में लैंडिंग कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व ही ददाहू में पैराग्लाइडिंग की संभावनाओं को लेकर सफल परीक्षण किया गया था। विशेषज्ञों की टीम ने अध्ययन करने के बाद यहां पैराग्लाइडिंग को स्वीकृति प्रदान की गई थी। पैराग्लाइडर पायलट अजय ठाकुर ने पैराग्लाइडिंग की इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग से टेंडम फ्लाइट का लाइसेंस प्राप्त करने में भी सफलता हासिल की। अब वह चयनित स्थान पर पर्यटकों को आकाश की ऊंचाइयों को घुमा सकेंगे।
टेंडम फ्लाइट का लाइसेंस प्राप्त करने वाले अजय ठाकुर सिरमौर के एकमात्र युवा पायलट हैं। अजय ठाकुर बताया कि शीघ्र ही चयनित भूमि पर संसाधन जुटाकर पैराग्लाइडिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मानव परिंदे ददाहू क्षेत्र की जनता को आकाश में उड़ते दिखाई देंगे।