पर्यटकों के बीच पवित्र शहर की छवि हो रही है खराब
बदबू के चलते मेला मैदान से समीप से गुजरना भी कठिन
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के मेला मैदान में कूड़े-कचरे के ढेर लगे हैं। इसके कारण पर्यटकों में शहर की छवि तो खराब हो ही रही है, लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बदबू के चलते मेला मैदान से समीप से गुजरना भी कठिन है।
मैला मैदान के एकदम साथ ही देश-विदेश में चर्चित व आस्था का केंद्र मुख्य गुरुद्वारा साहिब, तहसील कार्यालय, पांवटा थाना, बीडीओ कार्यालय, पोस्ट आफिस, कुछ ही दूरी पर सिविल अस्पताल व लघु सचिवालय भी है। ऐसे में इस मैदान के आसपास के रोज हजारों लोग गुजरते हैं।
व्यवसायी सुरजीत सिंह व पूर्व प्रधान जुल्फकार अली ने बताया कि मैदान में कूड़े के ढेर होने से संगतें, स्थानीय लोग व रागगीर दुश्वारियां झेल रहे हैं। इससे बीमारियों के फैलने की भी आशंका बनी रहती है।
जगमोहन सूर्या, दिनेश शर्मा व भरत ठाकुर का कहना है कि अब ऐतिहासिक होली मेले से होने वाली आय अब करोड़ों में पहुंच गई है, लेकिन इस मैदान के सौंदर्यीकरण की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
समाजसेवी आशा तोमर व बबीता ठाकुर का कहना है कि स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद को मेला मैदान की स्वच्छता व सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता पर रखना चाहिए। नगर परिषद ने करीब 75 लाख बजट से इंटरलॉक टाइल लगाकर फ्री पार्किंग सुविधा तैयार की है। लेकिन, छोटे व भारी वाहन मेला मैदान में पार्क होने से हालात बिगड़ रहे हैं।
नगर परिषद पांवटा साहिब की अध्यक्षा निर्मल कौर ने बताया मेला मैदान की सफाई करवाई जाएगी। शहरी सौंदर्यीकरण व स्वच्छता अभियान के लिए मेला मैदान को साफ सुधरा और बेहतर करना प्रस्तावित भी रहा है।
संवाद