-कहा, क्षेत्र के तीन गांव के लोगों को होगी समस्या, उपजाऊ भूमि भी होगी प्रभावित
-प्रशासन को चेताया क्रशर लगा तो करेंगे उग्र आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
धौलाकुआं (सिरमौर)। उप तहसील माजरा के अंतर्गत आने वाले ग्राम टोकियों में क्रशर लगाने का स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में क्रशर लगने के बाद लोगों को समस्या होगी, वहीं सैकड़ों बीघा भूमि भी प्रभावित होगी।
स्थानीय ग्रामीणों बीर सिंह, धर्मेंद्र सिंह और बेला राम आदि ने बताया कि गांव टोकियों में इन दिनों क्रशर लगाने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर विभाग को भी ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंप कर मांग उठाई है कि यहां क्रशर न लगने दिया जाए, लेकिन कोई कार्रवाई इस मामले में अभी तक नहीं हो पाई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर क्षेत्र में क्रशर लगता है तो स्थानीय लोग उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने बताया कि क्रशर लगने के बाद गांव टोकियों, बेहड़ेवाला, सैनवाला आदि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों की उपजाऊ भूमि पर फसलें बर्बाद हो जाएंगी। प्रदूषण बढ़ने के बाद क्षेत्र में बीमारियों का बोलबाला होगा और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से इस मामले में उचित कदम उठाने की मांग उठाई है।
संवाद