संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की शाखा हाब्बन ने राणाघाट में वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित किया जिसकी अध्यक्षता शाखा प्रबंधक हमिंद्र ठाकुर ने की। उनके साथ कार्यकारी सहायक गगनदीप गुप्ता भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बैंक के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में जानकारी दी।
हमिंंद्र ठाकुर ने पंचायत सदस्यों व ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना जैसी योजनाओं के लाभों से अवगत करवाते हुए उन्हें इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं कार्यकारी सहायक गगनदीप गुप्ता ने किसान क्रेडिट कार्ड ऋण, वेतन ऋण, व्यक्तिगत ऋण, गृह ऋण व वाहन ऋण जैसी बैंकिंग सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्राहक आसानी से लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीकों से भी अवगत कराया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान वेदप्रकाश, पंचायत सचिव, उपप्रधान और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
-संवाद