पुरुवाला (सिरमौर)। पांवटा दून के आधा दर्जन गांवों में इन दिनों बिजली गुल होने से लोग परेशान है। बिजली की समस्या लोगों को झटके दे रही है। एक तो मौसम की बेरुखी, ऊपर से बिजली कट से क्षेत्र के लोग बुरी तरह परेशान हैं।
विद्युत बोर्ड अमूमन महीने में एक बार मरम्मत कार्य के लिए कट लगाता है लेकिन यहां पर महीने में चौथी बार पूरे दिन कट लगने किसान गेहूं की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। इसी तरह अन्य रोजमर्रा के कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
कड़कड़ती ठंड में लोगों को अपने रोजाना के कार्य निपटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने इस सप्ताह बिजली प्रभावित न करने को लेकर ऊर्जामंत्री से भी गुहार लगाई थी। फिर भी एक महीने के भीतर चौथी बार बिजली कट लगा दिया गया है। हैरानी तो इस बात की है कि जो कट सुबह नौ बजे लगना था वह, सुबह पौने आठ बजे लगा दिया गया। इसके चलते किसानों और लोगों में खासा रोष है।
किसान जसपाल सिंह, दिनेश सिंह, अमित शर्मा, अच्छर सिंह, मुकेश, गीताराम, सुरेंद्र, पूर्ण, रामसिंह, सबीर अहमद, बिल्लू, ज्ञान आदि ने बताया कि पहले मौसम की बेरुखी से किसान परेशान थे, अब बिजली के गुल रहने से खेत, खलियान, घर, दुकान आदि के काम भी नहीं कर पा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि पांवटा दून के भगानी, किलौड़, पुरुवाला, सालवाला, कंडेला, मानपुर देवड़ा, बांगरण, शमशेरगढ़ आदि अनेक गांवों में एक महीने से बिजली कटों से परेशान हैं, जबकि इन दिनों किसान गेहूं की सिंचाई में लगे है। बारिश का न होने से सिंचाई स्कीमों से मोटर लगाकर खेतों की सिंचाई होनी थी लेकिन कट लगने के कारण वे सिंचाई पंप भी नहीं चला पा रहे हैं।
विद्युत उपमंडल पुरुवाला के सहायक अभियंता अमनदीप सिंह ने बताया कि एनएच 707 पर 33 केवी लाइन को सड़क से शिफ्ट करने का कार्य चल रहा है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में विद्युत कंडक्टर स्थानांतरित एवं मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते विद्युत कट लग रहे हैं। जल्द ही विद्युत सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।