सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती पर पदयात्रा कर दिया एकता का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। भाजपा ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर पांवटा साहिब में रन फॉर यूनिटी की जिला स्तरीय पदयात्रा का आयोजन किया। पांवटा साहिब के वाई प्वाइंट से शुरू होकर यात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए रामलीला मैदान पर संपन्न हुई। इस दौरान सांसद सुरेश कश्यप व विधायक सुखराम चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे।
रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता का संदेश जो देश को दिया था वह संदेश घर-घर पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को एक उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया। कहा कि आज जब हम सरदार पटेल को याद कर रहे हे तो उनकी कुर्बानी भी याद करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की 565 रियासतों में से 564 रियासतों को एक करने का जिम्मा सरदार वल्लभभाई पटेल को दिया था तथा उन्होंने उसे बखूबी निभाया। एक रियासत जम्मू कश्मीर का जिम्मा जवाहरलाल नेहरू को दिया था उसका नतीजा आज आपके सामने है। सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की कुर्बानी को याद करते हुए उनको सच्ची श्रद्धांजलि दी है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कड़े फैसले लेकर देश को आगे बढ़ाया है।
विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि जब भारतवर्ष आजाद हुआ तो देश की जनता चाहती थी कि सरदार वल्लभभाई पटेल को प्रधानमंत्री बनाया जाये, लेकिन उस समय परिस्थिति कुछ और थी। सुखराम चौधरी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस मौके पर संजय ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता, राकेश डोगरा, रमेश तोमर, हितेंद्र कुमार, शिवानी वर्मा, ओम प्रकाश कटारिया, सुखविंदर सिंह, नवीश शर्मा आदि मौजूद थे।