पबियाना स्कूल पहुंचने पर टीम का स्वागत करते स्कूल और एसएमसी के सदस्य। संवाद
शानदार प्रदर्शन के दम पर ओवरऑल ट्राॅफी भी अपने स्कूल के नाम की
खिलाड़ियों और शिक्षकों का स्कूल पहुंचने पर प्रबंधन ने किया भव्य स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पबियाना के छात्रों ने ताईक्वांडो और बॉक्सिंग स्पर्धा में चार स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पद प्राप्त करने में सफलता हासिल की। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग में आयोजित अंडर -19 इंडोर प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्रों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर जिलास्तर की ओवरआल ट्रॉफी भी विद्यालय के नाम की। शनिवार को विद्यालय पहुंचने पर टीम और खिलाड़ियों को तैयार करने वाले शिक्षक कमलेश व अरुण शर्मा का भव्य स्वागत किया गया।
प्रधानाचार्य इंदिरा देवी समेत सभी शिक्षकों ने इन प्रतिभागियों और अध्यापकों को मालाएं पहनाकर इनका जोरदार स्वागत किया। कमलेश ठाकुर ने बताया कि ताईक्वांडो प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में पीयूष ठाकुर, आर्यन ठाकुर, शौर्य और शौर्य पंवार पुत्र से संदीप पंवार ने स्वर्ण पदक जीता। कृष शर्मा और ऋषभ ने रजत पदक और निखिल चौहान ने कांस्य पदक प्राप्त किया। इसके साथ-साथ बॉक्सिंग में अभय और निखिल चौहान ने रजत पदक जीत कर इस प्रतियोगिता की ओवरआल ट्रॉफी भी पबियाना विद्यालय के नाम की।
उन्होंने कहा कि स्वर्ण पदक जीतने वाले यह खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा के जोहर दिखाएंगे। प्रधानाचार्य ने कमलेश ठाकुर, अरुण शर्मा और खिलाड़ियों को बधाई दी और अन्य बच्चों को इनसे सीख लेने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा है, जिससे शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक और सामाजिक विकास भी होता है। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर और अन्य लोग मौजूद रहे।
संवाद