बस अड्डा नाहन में वेतन विसंगतियों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते परिचालक यूनियन के सदस्य। संवाद
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। जिला परिचालक यूनियन ने गेट मीटिंग कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गुस्साए कर्मियों ने छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी दिया। इसके माध्यम से छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने की मांग की गई। प्रदर्शन में शामिल सिरमौर परिचालक यूनियन के अध्यक्ष दिनेश शर्मा, महासचिव नवीन ठाकुर ने कहा कि छठे वेतन आयोग के बाद दूसरे कर्मचारियों का वेतन बढ़ा है और हमारा घट रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले 2400 का ग्रेड पे स्केल मिल रहा था। छठा वेतन आयोग लागू होने के बाद उनको 1900 का ग्रेड पे स्केल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वे तृतीय श्रेणी के कर्मचारी हैं। दूसरे कार्यालयों में इस वर्ग के कर्मचारियों को अधिक ग्रेड पे स्केल मिल रहा है। इन विसंगतियों के सामने आने के बाद भी इसे दूर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करके 10300-3200 ग्रेड पे स्केल देने की मांग की।