-घास उतारने के लिए चालक के नीचे उतरते ही पीछे की ओर चल पड़ी गाड़ी
-हैंडब्रेक नहीं लगाने और असुरक्षित जगह पर वाहन खड़ा करने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई क्षेत्र के कुंहट गांव में दर्दनाक हादसे में गाड़ी के अंदर बैठे व्यक्ति की मौत हो गई। घास लेकर गांव लौटने के बाद चालक के गाड़ी से उतरते ही वाहन अचानक पीछे की ओर लुढ़क गया और ढांक में जा गिरा। हादसे के समय गाड़ी का मालिक अंदर ही बैठा हुआ था।
पुलिस को दी शिकायत में रणदीप चौहान निवासी कुंहट ने बताया कि 9 नवंबर को वह मोहन सिंह और यशपाल के साथ गाड़ी में घास लेने घासण गए थे। गाड़ी यशपाल चला रहा था, जबकि मालिक मोहन सिंह अगली सीट और शिकायतकर्ता पीछे बैठा था।
शिकायत के अनुसार, तीनों घास लेकर सुबह करीब 10:30 बजे कुंहट गांव पहुंचे। चालक यशपाल ने सड़क पर गाड़ी रोककर घास उतारने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान रणदीप भी गाड़ी से बाहर आ गया, जबकि मोहन सिंह अंदर ही बैठा रहा। कुछ ही देर बाद गाड़ी अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगी और सड़क से नीचे ढांक में जा गिरी। हादसे में मोहन सिंह की मौत हो गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि चालक ने गाड़ी असुरक्षित स्थान पर खड़ी की थी और हैंडब्रेक भी नहीं लगाई थी। इसी लापरवाही के कारण हादसा हुआ। पुलिस थाना शिलाई में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आगामी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।-