संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। एसडीएम ने बुधवार नगर पंचायत राजगढ़ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम जैलदार और उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर को एक सादे समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नगर पंचायत सभागार में आयोजित इस समारोह में एसडीएम राजकुमार ने दोनों जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में नगर पंचायत के सभी वार्ड सदस्यों के अलावा भाजपा और कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गण्यमान्य नागरिकों ने भाग लिया। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित विक्रम जैलदार और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित नरेंद्र ठाकुर के निर्वाचित होने के बाद दोनों दलों के नेता एक ही मंच पर मौजूद रहे और नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसडीएम राजकुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी वार्ड सदस्य नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे।-