एनटीटी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में हर तरफ अव्यवस्था का आलम
कड़कती धूप में टेंट, पानी, प्राथमिक चिकित्सा व शौचालय सुविधा नहीं
गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चे बिलखते नजर आए और बैक डोर एंट्री से भी खफा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। रविवार को पूरे जिला सिरमौर से एनटीटी भर्ती प्रक्रिया के लिए हजारों बेरोजगार शिक्षक पहुंचे। पांवटा विश्राम गृह में एक कंपनी के माध्यम से आउटसोर्स आधार पर प्री-प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में भारी अव्यवस्था का आलम नजर आया। एनटीटी पद के अभ्यर्थी व साथ पहुंचे परिजनों समेत चार हजार से अधिक लोग पांवटा विश्राम गृह में पहुंच गए। पांवटा में आजकल भारी गर्मी व उमस है। इतनी भीड़ के लिए कोई भी टेंट, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और शौचालय की व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते तेज धूप में गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चे बिलखते नजर आए।
बता दें कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षक (एनटीटी) की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें निजी कंपनी के माध्यम से शिक्षकों की भर्तियां हो रहीं हैं। रविवार को पांवटा जैसे गर्म स्थल पर एक साथ पूरे जिले के एनटीटी शिक्षकों को भर्ती के लिए बुला लिया गया। हजारों बेरोजगार अभ्यर्थी पहुंचे, लेकिन कंपनी की लापरवाही की वजह से गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे से ही विश्राम गृह में जिले के दूरदराज से बेरोजगार पहुंचने शुरू हो गए। युवक-युवतियां कतारों में खड़े हो गए। दस बजे के बाद तेज धूप निकली। मौके पर कोई भी टेंट, शीतल जल, शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। चिलचिलाती धूप में कुछ महिला अभ्यर्थी घंटों खड़े रहने पर चक्कर आने लगे। दर्जनों महिलाएं अपने छोटे बच्चों को साथ लेकर पहुंची थीं।
-
भारी उमस के चलते मासूम रोते-बिलखते हुए नजर आए।
एनटीटी भर्ती प्रक्रिया में उमड़ी भीड़ से भारी दिक्कतों की सूचना मिलते ही एसडीएम पांवटा गुंजीत सिंह चीमा, तहसीलदार पांवटा साहिब ऋषभ शर्मा व थाना प्रभारी देवी सिंह नेगी मौके पर पहुंचे। पहले तैनात आधा दर्जन पुलिस कर्मी व्यवस्था व भीड़ के चलते कम पड़ने लगे। इसके बाद करीब एक दर्जन पुलिस कर्मी व कुछ स्वयंसेवी मौके पर सेवा में जुट गए। दूरदराज गिरिपार क्षेत्र से पहुंचे महेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, रीना तोमर, मनीष कुमार व बबीता ने बताया कि आज तक इतना बदतर इंतजाम नहीं देखा गया है। कुछ अभ्यर्थी तो भारी गर्मी व भीड़ के चलते बीच में ही प्रक्रिया छोड़कर लौटने लगे। तैनात पुलिसकर्मियों के व्यवस्था को संभालने में पसीने छूटते रहे। भारी भीड़ के सामने नियंत्रण करना कठिन होता रहा।
पांवटा निवासी रवि वर्मा व कृष्ण सिंह ने बताया कि अपनी एनटीटी भर्ती के लिए बहू-बेटियों के साथ सुबह नौ बजे से पहुंचे हैं। हजारों बेरोजगार युवाओं के साथ भद्दा मजाक बंद किया जाए। ब्लॉक स्तर पर भर्ती प्रक्रिया की जा सकती थी। गर्मी के मौसम में पांवटा जैसी जगह सबको बुलाना तर्क संगत नहीं हैै। रविवार को हजारों लोग कड़कती धूप में परेशान रहे।
वहीं, कुछ खास लोगों को पिछले रास्ते से भर्ती प्रक्रिया कक्ष तक पहुंचाया गया। मौके पर पहुंच कर इसका विरोध किया गया।
प्रशासन और भर्ती करने वाली कंपनी में सामंजस्य नहीं
- रीना शर्मा, अनिता ठाकुर व रुची ने बताया कि प्रशासन व भर्ती करने वाली कंपनी में आपसी सामंजस्य की कमी साफ नजर आई। कंपनी को पूरी जानकारी स्थानीय प्रशासन व पुलिस को देना चाहिए थी। ऐसी भीड़भाड़ से भगदड़ व गर्मी से गश खाने पर किसी अनहोनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। प्राथमिक चिकित्सा के इंतजाम नहीं थे। भर्ती प्रक्रिया से पहले उचित तैयारियों का होना जरूरी है।
...
एक वर्ष डिप्लोमा वाले दिखे परेशान
- प्रशिक्षित एनटीटी अध्यापिका संघ सिरमौर अध्यक्षा रीता शर्मा, लक्ष्मी पुंडीर, कल्पना शर्मा, अनिता शर्मा, सुमन शर्मा, ललिता ने बताया कि एक वर्ष का एनटीटी डिप्लोमा किया है। प्रदेश सरकार से मांग रखी है कि एक वर्षीय डिप्लोमा करने वाले शिक्षकों की भर्ती की जाए, इसके बाद ब्रिज कोर्स के माध्यम से योग्य किया जाए।
-
पुलिस प्रशासन को किया गया था सूचित : ईश्वर शर्मा
- पाखी इंडस्ट्रीज आउटसोर्स कंपनी के निदेशक ईश्वर शर्मा ने बताया कि हमने प्रशासन-पुलिस को अवगत करवाया था। पांच दिन पहले डीएसपी पांंवटा से मिले थे। इस दौरान बता दिया था कि चार से पांच हजार तक लोग पहुंच सकते हैं। इस पद के लिए एनसीटीई से मान्यता प्राप्त दो वर्षीय एनटीटी डिप्लोमा मांगा जा रहा है। जबकि कई लोग एनसीटी दिल्ली का डिप्लोमा लेकर पहुंच रहे हैं जिसकी मान्यता नहीं हैै। इस पर लोग काफी बहस कर रहे हैं। रविवार को पिछले दरवाजे से कुछ लोगों को एंट्री करवाने के सवाल पर बताया कि ऐसे करने वाले लोगों को हटाने का प्रयास किया गया।
बाक्स...
जिला उपायुक्त को भेजी जाएगी रिपोर्ट : एसडीएम
- एसडीएम पांवटा साहिब जीएस चीमा ने कहा कि इस बारे में शुक्रवार तक भी कंपनी की तरफ से कोई सूचना नहीं थी। पांवटा जैसे गर्म क्षेत्र में पूरे जिले की एनटीटी भर्ती प्रक्रिया व्यवस्था के बारे में कंपनी प्रबंधन से बात की गई। पानी व शौचालय की व्यवस्था के बारे में कहा गया था। पाखी कंपनी के माध्यम से आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया हुई है। लोगों को हुई समस्या के बारे में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। भर्ती करने वाली कंपनी को ठीक से व्यवस्था करनी चाहिए थी। जिला उपायुक्त को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
संवाद
...