प्रचंड गर्मी के बावजूद विकास खंड राजगढ़ में नहीं हुआ जलसंकट
जलशक्ति विभाग के राजगढ़ मंडल के कुशल प्रबंधन ने दिखाया अपना असर
नई पेयजल योजनाओं का किया निर्माण, पुरानी योजनाओं का किया सुधारीकरण
हर गर्मी में पेयजल किल्लत से जूझते थे ग्रामीण, टैंकर तक मंगवाने की रहती थी नौबत
वेद प्रकाश ठाकुर
राजगढ़ (सिरमौर)। जलशक्ति विभाग के राजगढ़ मंडल की ओर से कुशल प्रबंधन के चलते इस वर्ष भयंकर गर्मी के बावजूद भी विकास खंड राजगढ़ में कहीं भी जल संकट पैदा नहीं हुआ। विभाग ने न केवल कई पुरानी योजनाओं को सुचारू किया, बल्कि अनेकों नई योजनाओं को भी निर्धारित समय से पूर्व पूरा करके बेहतर प्रबंधन किया।
इस कारण गर्मियों में अक्सर हर स्थान पर होने वाले पेयजल संकट से लोगों को निजात मिली। अधिशासी अभियंता मनदीप गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय कर्मियों की कमी के बावजूद विभाग ने पुरानी पेयजल योजनाओं लाना भलटा, कोट ढांगर, रुग बखोटा, थानाधार, गढ़ोल, सेर मनोण व राजगढ़ का सुधारीकरण करके पेयजल उपलब्ध करवाया।
ग्राम पंचायत भुईरा के चेयोन व धार गांव को गर्मियों के मौसम में टैंकर लगाकर पेयजल उपलब्ध करवाना पड़ता था लेकिन विभाग ने उठाऊ पेयजल योजना रुग बखोटा व थानाधार के फिल्टर यूनिट को जोड़ कर करीब एक दर्जन गांवों को पेयजल उपलब्ध करवाया। राजगढ़ शहर में भी गर्मियों के दौरान पेयजल की बहुत समस्या रहती थी लेकिन विभाग ने कंडानाला राजगढ़ प्रवाह पेयजल योजना की नई लाइन का ट्रायल परीक्षण किया जो सफल रहा और अब इससे राजगढ़ शहर व आसपास के गांवों में पीने के पानी की कोई समस्या इस वर्ष नहीं हुई है।
कंडानाला राजगढ़ योजना की पुरानी पाइपों में अनेकों स्थान पर लीकेज होती थी जिस कारण गर्मियों में पेयजल की किल्लत हो जाती थी लेकिन अब इससे शहरवासियों को राहत मिली है।
अधिशासी अभियंता मनदीप गुप्ता ने बताया कि विभाग ने मढ़ेरा, सवाणा, चाखल डूंगीसेर, ठौड़निवाड़, करगाणु, हाब्बन, शलाना, भलग भरण व कोटी पधोग योजनाओं के सुधारीकरण व निर्माण करके लोगों को पेयजल व सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाया जिससे इस वर्ष कोई परेशानी ग्रामीणों को नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि सहायक अभियंता बीके कौंडल, कनिष्ठ अभियंता हरदेव, विभाग के नंदाराम व सभी स्टाफ सदस्यों ने यह कार्य पूर्ण करने में अहम भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों सुंदर सिंह ठाकुर, रघुनाथ सिंह, सुरेंद्र तोमर व रविदत्त भारद्वाज ने कहा कि इस वर्ष अत्यधिक गर्मी पड़ी है और पेयजल स्रोतों में पानी कम हुआ है लेकिन अधिशासी अभियंता मनदीप गुप्ता की बेहतरीन कार्य शैली के चलते कहीं कोई पेयजल संकट देखने को नहीं मिला। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे अधिकारियों को सरकार की ओर से उचित सम्मान दिया जाना चाहिए।
संवाद