माजरा मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को नहीं मिली जमानत
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला के माजरा में हाल ही में सामने आए सांप्रदायिक तनाव के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को उच्च न्यायालय से जमानत नहीं मिली है। आरोपियों द्वारा प्रदेश उच्च न्यायालय के समक्ष जमानत याचिका लगाई गई थी।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि माजरा मामले में गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों ने माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष जमानत याचिका लगाई, लेकिन अदालत ने उसे अस्वीकार कर दिया है। चारों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।
बता दें कि माजरा पुलिस थाना के तहत एक युवती के अगवा किए जाने को लेकर युवती के परिजनों सहित कुछ संगठनों के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान दो गुटों के बीच मारपीट और जमकर पत्थरबाजी हुई थी। इसी दौरान पुलिस टीम के एक एएसआई, आरक्षी व महिला आरक्षी भी घायल हुए थे।