रेणुका जी में तैनात एनडीआरएफ का एक विशेष दस्ता। संवाद
रेणुकाजी में 30 जवानों का विशेष दस्ता तैनात, 31 अगस्त तक रहेगा मुस्तैद
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के विशेष दस्ते को रेणुकाजी में तैनात कर दिया है। एनडीआरएफ के 30 जवानों की टीम ने रेणुकाजी में मोर्चा संभाल लिया है, जो 31 अगस्त तक जिले में रहकर आपदा प्रबंधन कार्यों के लिए मुस्तैद रहेगी।
एनडीआरएफ के निरीक्षक अभिमन्यु, उप निरीक्षक अनुराज और प्यार चंद के नेतृत्व में पहुंचे इस विशेष दस्ते को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और संचार संसाधनों से लैस किया गया है। आपदा की स्थिति में यह टीम बचाव एवं राहत कार्यों को त्वरित रूप से अंजाम देगी। गौरतलब है कि सिरमौर जिला प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है। बरसात के दौरान जिले में भूस्खलन, बाढ़, पहाड़ खिसकने, भवनों के स्लैब गिरने, जलभराव और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने रेणुकाजी स्थित कुब्जा पवेलियन में एनडीआरएफ का अस्थायी केंद्र स्थापित किया है, जहां से आवश्यकता पड़ने पर टीम को जिले के किसी भी क्षेत्र में तत्काल रवाना किया जा सकेगा। एनडीआरएफ के निरीक्षक अभिमन्यु ने बताया कि जिला प्रशासन के आग्रह पर 30 जवानों के विशेष दस्ते ने रेणुकाजी में अपनी सेवाएं आरंभ कर दी हैं।