संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की त्रिलोकपुर शाखा द्वारा एक दिवसीय डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। नाबार्ड के सौजन्य से त्रिलोकपुर में आयोजित इस शिविर में बैंक के कार्यकारी सहायक मोहित वर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।
उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में बैंक की भूमिका को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी।
बैंकिंग और व्यावसायिक गतिविधियों से ग्रामीणों को जोड़ने के लिए शिविर में कई ऋण व बचत योजनाओं पर चर्चा की गई। मोहित वर्मा ने बैंक द्वारा चलाई जा रही महिला सशक्तिकरण ऋण योजना, छात्रों के लिए विशेष सपनों का संचय योजना, पिगमी बचत योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और हिम स्वरोजगार क्रेडिट कार्ड के बारे में बताया।
इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों, संयुक्त देयता समूहों और गृह ऋण की प्रक्रियाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यकारी सहायक ने ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम के इस्तेमाल के तरीके सिखाए। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए कड़े निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने एटीएम का पिन, ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करे। इस मौके पर प्राथमिक कृषि साख समिति के सचिव अशोक कुमार, गीता देवी, ज्योति चौहान, मनीष, श्यामा देवी, उमेश पोसवाल सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।-