शिलाई कॉलेज में चल रहे एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई(सिरमौर)। 1-हिमाचल प्रदेश एनसीसी बटालियन नाहन की ओर राजकीय महाविद्यालय शिलाई में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इसमें खंड विकास अधिकारी शिलाई रवि जोशी ने मुख्यातिथि और जगमोहन तोमर ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की।
समारोह का शुभारंभ एनसीसी कैडेटों की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ। कैडेटों ने देशभक्ति गीत, हिमाचली लोक नृत्य, समूहगान और प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पुरस्कृत किया गया। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जेएस चौहान और बीडीओ शिलाई रवि जोशी ने ड्रिल, फायरिंग, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य प्रशिक्षण प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
अपने संबोधन में कर्नल जेएस चौहान ने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का एक सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान कैडेटों को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से मजबूत, मनोवैज्ञानिक रूप से सकारात्मक, भावनात्मक रूप से संतुलित और नैतिक रूप से श्रेष्ठ नागरिक बनने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेटों को शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, नेतृत्व विकास, सामाजिक सेवा, स्वच्छता अभियान, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल और विभिन्न सैन्य विषयों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।
संवाद