विश्व क्षय दिवस पर नाहन में बीएमओ की अगुवाई में जागरूकता रैली निकालते धगेड़ा चिकित्सा खंड नाहन क?
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। विश्व टीबी दिवस पर नगर परिषद के टाउन हॉल में स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष संजय तोमर ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इससे पहले धगेड़ा खंड स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वास्थ्य शिक्षकों, सुपरवाइजर और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं सहित कर्मचारियों ने गुन्नूघाट से एसडीएम कार्यालय तक टीबी उन्मूलन को लेकर जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान टीबी हारेगा, देश जीतेगा, जन-जन को जगाना है, टीबी को हराना है, डॉट अपनाओ टीबी भगाओ आदि नारों से नाहन शहर गूंज उठा। नगर परिषद के टाउन हाल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने उपस्थित नगर परिषद के कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को टीबी के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को टीबी के लक्षण और उपचार की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लोगों का बीपी और शुगर भी चेक की गई। कार्यक्रम में टीबी से जंग जीत चुके लोगों को कार्यक्रम में विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने टीबी रोग से संबंधित अपने अनुभव लोगों के साथ साझा किए। एसटीएस संतोष शर्मा ने भी टीबी जागरूकता को लेकर लोगों को अहम जानकारी प्रदान की। इस मौके पर नगर परिषद उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता अलावा नगर परिषद के कर्मचारी और सफाई कर्मी उपस्थित रहे।