ददाहू (सिरमौर)। जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के लिए गिरि नदी पर शीघ्र ही एक आधुनिक पुल का निर्माण किया जाएगा। दरअसल, धारटीधार क्षेत्र की भनेत हल्द्वाडी पंचायत के कुड़ला खरक से चांदनी के बीच 210 मीटर लंबे पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
विभाग ने पुल निर्माण की डीपीआर तैयार करवाकर उसे मंजूरी के लिए भेज दिया है। इस पर करीब 17 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। धारटीधार क्षेत्र में यह पहला डबल लेन पुल होगा। धारटीधार क्षेत्र के लोग पिछले करीब एक दशक से इस पुल के निर्माण की आस लगाए बैठे हैं। पुल निर्माण के चलते जहां शिलाई और रेणुका विधानसभा क्षेत्र का सफर आसान हो सकेगा वहीं धारटीधार से चांदनी की दूरी भी मात्र 210 मीटर के करीब रह जाएंगी।
अब तक धारटीधार और चांदनी के लोग ददाहू से 30 किलोमीटर के सफर तय कर गंतव्य तक पहुंचते थे। पुल बनने से यह दूरी खत्म हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि करीब तीन वर्ष पूर्व पांच मई 2018 को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हरिपुरधार में कुड़ला खरक से चांदनी के बीच पुल का निर्माण करने की घोषणा करने के साथ ही 20 लाख रुपये की राशि इसका सर्वेक्षण के लिए प्रदान की थी। सर्वेक्षण पूरा होने के साथ ही इसकी डीपीआर का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। डीपीआर को स्वीकृति मिलते ही इस पुल का निर्माण नाबार्ड के अंतर्गत करवाया जाएगा। हालांकि, भाजपा नेता शीघ्र ही इस पुल का शिलान्यास करने की फिराक में हैं ताकि आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व ही पुल निर्माण को गति मिल सके। इस पुल के बनने से जहां धारटीधार और शिलाई विधानसभा क्षेत्र की करीब दर्जनभर पंचायतों को आपस में जोड़ा जा सकेगा वहीं धारटीधार से चांदनी स्कूल जाने वाले दर्जनों स्कूली बच्चों को भी बड़ी राहत मिलेगी जिन्हें वर्तमान में गिरि नदी को पार करके स्कूल पहुंच पर विवश होना पड़ रहा हैं।
-----
मंजूरी के लिए भेजी डीपीआर: : अधिशासी अभियंता
लोक निर्माण मंडल पांवटा के अधिशासी अभियंता केएल चौधरी ने डीपीआर तैयार कर लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया पुल निर्माण की डीपीआर को मंजूरी के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही इस पुल को नाबार्ड के अंतर्गत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पुल को जोड़ने के लिए खाली अच्छोन से कुड़ला खरक तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी किया जाना है लेकिन ग्रामीणों की ओर से भूमि विभाग के नाम न किए जाने से सड़क निर्माण का रास्ता साफ नहीं हो पाया है। डीपीआर को शीघ्र स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
-------
बरसात में भी जारी रह सकेगा आवागमन: वेद प्रकाश
बीडीसी सदस्य भरोग बनेड़ी वेद प्रकाश ने बताया कि बनेत हल्दवाड़ी पंचायत में कूड़ला खरक में प्रस्तावित गिरिपुल के निर्माण से धारटीधार क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। इस पुल के बनने से जहां बरसात के दिनों में दोनों विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भारी सुविधा मिलेगी वहीं बरसात के दिनों में ग्रामीणों का आवागमन भी जारी रहेगा। बरसात के दौरान रेणुका चांदनी मार्ग अक्सर दो महीनों तक बंद रहता है। इससे चांदनी सहित आसपास की पंचायतों के लोगों का संपर्क ददाहू से पूरी तरह कट जाता है। वहीं इस पुल के बनने से चांदनी क्षेत्र के लोग वाया धारटीधार होकर ददाहू पहुंच सकेंगे।
------
किसानों को मंडियों तक उत्पाद पहुंचाने में बड़ी राहत: जतिन शर्मा
बनेत हल्दवाड़ी पंचायत के प्रधान जतिन शर्मा ने बताया कि कूड़ला खरक से चांदनी के बीच पुल के बनने से किसानों को अपने उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने में बड़ी राहत मिलेगी। वहीं मेहनत मजदूरी करने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा क्योंकि इन लोगों को 30 किलोमीटर का लंबा सफर तय करके ददाहू पहुंचना पड़ता है। धारटीधार क्षेत्र से शिलाई विधानसभा सभा क्षेत्र की कम होने से लोगों के समय और धन की बचत होगी।
-----
पुल का निर्माण सरकार का सराहनीय कदम : अंजना शर्मा
बनेत हल्दवाडी के साथ सटी ग्राम पंचायत भरोग बनेडी की प्रधान अंजना शर्मा ने बताया कि कूड़ला खरक से चांदनी के बीच पुल का निर्माण होना प्रदेश सरकार का सराहनीय प्रयास है। पिछले लंबे अरसे से ही क्षेत्र की जनता इस पुल के निर्माण की मांग कर रही थी। बरसात के दिनों में विशेषकर स्कूली छात्र-छात्राओं को अब घर नहीं बैठे रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह पुल धारटीधार क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित करेगा।
-----
पुल बनने से आर-पार की खाई दूर होगी : संतोष चौहान
चांदनी पंचायत की प्रधान संतोष चौहान ने बताया कि इस गिरि पुल के बनने से आर-पार खाई दूर हो सकेगी। चांदनी क्षेत्र की अधिकतर रिश्तेदारी धारटीधार के लोगों के साथ है। इन्हें धारटीधार क्षेत्र में जाने के लिए गिरि नदी पार करनी पड़ती है। क्षेत्र के लोगों को इस पुल के बनने से बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ गिरि नदी पार करने का जोखिम भी नहीं उठाना पड़ेगा। उन्हें बरसात के दिनों में बड़ी राहत मिलेगी।