रेणुका झील में डूबे युवक का शव तीसरे दिन बरामद
सेना के गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन में ढूंढा शव
संवाद न्यूज एजेंसी ददाहू (सिरमौर)। रेणुका झील में डूबे 21 वर्षीय युवक सुमित का शव शनिवार सुबह तीसरे दिन बरामद कर लिया गया। सेना के गोताखोरों ने तड़के शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान शव को झील से बाहर निकालने में सफलता हासिल की। बता दें कि शुक्रवार देर शाम तक चले तलाश अभियान में कोई सफलता नहीं मिल पाई थी। इसके बाद सेना के गोताखोरों की सहायता ली गई।
शनिवार सुबह शव स्नान घाट से करीब 10 से 15 फीट की दूरी पर जाली के पास मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक झील में सीधा खड़ा था और उसके पैर दलदल में फंस गए थे। संतुलन बिगड़ने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और डूबने से उसकी मौत हो गई। शव मिलने की सूचना के बाद झील किनारे मौजूद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के पिता मुंशी राम सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
रेणुका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। प्रशासन की ओर से तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर और ग्रामीण राजस्व अधिकारी पीयूष थापा ने मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। उधर, एएसपी योगेश रोल्टा ने रेणुका झील से युवक का शव बरामद होने की पुष्टि की है।