कफोटा, टिंबी, शिलाई, रोनहाट, कुलाह, नैनीधार, झकांडो में सुनीं जनसमस्याएं
कहा, शिलाई विस क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुधारना प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
रोनहाट (सिरमौर)। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुधारना उनकी पहली प्राथमिकता है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद के चलते मंत्री पद पर आसीन हुए हैं। उद्योगमंत्री ने यह बात लाधी क्षेत्र के दौरे पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
उन्होंने झकांडों में 52 लाख से नवनिर्मित पंचायत भवन जनता को समर्पित किया। वहीं, कुलाह गांव में सांस्कृतिक संध्या में शामिल हुए। यहां पर जनसमस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि बीते पौने तीन वर्षों में शिलाई क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों में पदों को भरा गया है। शिलाई क्षेत्र में खाली चल रहे 30 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में सीएचओ की नियुक्ति की गई है।
रोनहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो चिकित्सक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिलाई में आठ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। इनमें हड्डी रोग विशेषज्ञ और मेडिसिन विभाग के चिकित्सक भी शामिल हैं। हड्डी रोग से संबंधित मरीजों को उपचार के लिए पहले नाहन जाना पड़ रहा था। अब यह सेवाएं शिलाई अस्पताल में ही मिल रही हैं। शिलाई अस्पताल भवन के लिए 19 करोड़ की डीपीआर से 5 करोड़ स्वीकृत करवाकर कार्य चल रहा है।
उद्योग मंत्री ने कफोटा, टिंबी, शिलाई, रोनहाट, कुलाह, नैनीधार, झकांडो में जनसमस्याओं को सुना। इस अवसर पर मंडी समिति चेयरमैन सीताराम शर्मा, एमआर पराशर, हरी राम शास्त्री, दिनेश, जगतराम शर्मा, रविंद्र चौहान, जितेंद्र राणा, जितेंद्र ठाकुर, अतर सिंह मौजूद रहे।